इंडिगो की उड़ानों में रद्दीकरण से यात्रियों की परेशानी, सरकार ने किराया तय किया
इंडिगो की उड़ानें रद्द, सरकार ने लिया एक्शन
नई दिल्ली। इंडिगो एयरलाइंस द्वारा दो हजार से अधिक उड़ानों के रद्द होने के कारण लाखों यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस स्थिति का फायदा उठाते हुए अन्य विमानन कंपनियों ने यात्रियों से 10 गुना अधिक किराया वसूल किया, जिससे सरकार की चिंता बढ़ गई। शनिवार को केंद्र सरकार ने अधिकतम किराया निर्धारित करने का निर्णय लिया।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश के किसी भी गंतव्य के लिए विमानन कंपनियां 18,000 रुपए से अधिक किराया नहीं ले सकेंगी। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को कुछ कंपनियों ने 80,000 रुपए तक किराया वसूला था।
केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार, 500 किलोमीटर तक की हवाई यात्रा के लिए किराया 7,500 रुपए होगा। वहीं, 501 से 1,000 किलोमीटर की यात्रा के लिए 12,000 रुपए, 1,001 से 1,500 किलोमीटर के लिए 15,000 रुपए और 1,501 किलोमीटर से अधिक के लिए अधिकतम 18,000 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। इसमें बिजनेस क्लास का किराया शामिल नहीं है।