गाजियाबाद में टायर रबर फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल ने समय पर काबू पाया
गाजियाबाद में आगजनी की घटना
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित साहिबाबाद में मंगलवार की सुबह एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैली और फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह घटना साहिबाबाद के राजेंद्र नगर क्षेत्र में स्थित एक टायर रबर प्रोसेसिंग फैक्ट्री में हुई। सोमवार सुबह आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार, आग बुझाने के लिए चार दमकल गाड़ियों को लगाया गया। लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल भी दमकलकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे साहिबाबाद फायर स्टेशन को आग लगने की सूचना मिली थी। जब दमकल की टीम मौके पर पहुंची, तो पाया कि टायर रबर प्रोसेसिंग यूनिट में आग फैल चुकी थी और पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई थी।
दमकल कर्मियों ने समय पर कार्रवाई की, जिससे आग आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक दी गई। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे पहले भी गाजियाबाद के कई रिहायशी इलाकों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल में आगजनी की घटना के बाद गाजियाबाद का अग्निशमन विभाग भी सतर्क हो गया है। विभाग ने होटल और रेस्टोरेंट का निरीक्षण शुरू कर दिया है और खामियों को जल्द दूर करने की चेतावनी दी है।