ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, ऑटो चलाने की तस्वीर को बनाया मुद्दा
राजनीतिक वार
लखनऊ। सुभासपा के नेता ओपी राजभर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें वह ऑटो चला रहे हैं। इस वीडियो के माध्यम से उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कटाक्ष किया है। ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'अखिलेश यादव जी, आप तो चांदी के चम्मच के साथ पैदा हुए हैं, जबकि हम नहीं। आपके ट्रोलर हमारी इस तस्वीर का मजाक उड़ा रहे हैं, हमें हमारी औकात बता रहे हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'यह तस्वीर हमारे संघर्ष का प्रतीक है, जिसमें हमारी मेहनत और संघर्ष की कई यादें हैं। हमारा संघर्ष अभी भी जारी है। आप इसे नहीं समझ सकते क्योंकि आपके पास सत्ता, धन और सुविधाएं हैं। आपके लिए ऑटो चलाने वाले लोग हंसी का विषय हैं।'
राजभर ने कहा, 'आप हंसी उड़ाते रहिए, लेकिन याद रखें कि 2027 में यही गरीब लोग आपकी सत्ता को पलट देंगे। जब मैं गांव-गांव जाकर अति पिछड़ों और वंचितों की आवाज उठाता था, तब आप अपने पिता के धन पर विदेशों में घूम रहे थे। आप पढ़े-लिखे हो सकते हैं, लेकिन संस्कारहीन हैं।'
उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता ने उन्हें गरीबी में पाला है, और वह अपने पिता का अपमान नहीं करते। 'हम अपने समाज के दर्द से जुड़े हैं। राजनीति हमारे लिए संघर्ष है, न कि ड्रामा।' राजभर ने यह स्पष्ट किया कि वह सत्ता के लिए नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज उठाने के लिए राजनीति में हैं।'