×

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई में जनता की समस्याओं को सुना

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनसुनवाई कार्यक्रम में नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का समय पर समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसंवाद सुशासन की आत्मा है और सरकार का प्रयास है कि वह जनता के द्वार तक पहुंचे। इस पहल के माध्यम से शासन को अधिक पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने का संकल्प लिया गया है।
 

मुख्यमंत्री का जनसुनवाई कार्यक्रम

-मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई के दिए निर्देश


नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने गंभीरता से जनता की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर शिकायत पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्यवाही की जाए, ताकि लोगों को उनके अधिकारों और सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।


जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनके सुझावों और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना है, जिससे जनभागीदारी से शासन अधिक पारदर्शी और उत्तरदायी बने।


मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जनसंवाद ही सुशासन की आत्मा है। जनता से जुड़ना, उनकी बातें सुनना और समाधान प्रदान करना सच्चे लोकतंत्र की पहचान है। इसी संवाद से हमारे ‘सुशासन’ का संकल्प और मजबूत होता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में यह जनसुनवाई कार्यक्रम दिल्ली सरकार के ‘जनसहभागिता और पारदर्शी शासन’ के प्रयासों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल के माध्यम से सरकार जनता के द्वार तक पहुंचने और उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए काम कर रही है।