×

द्वादश ज्योर्तिलिंगम दर्शन मेला-सह 89 वां त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव का शुभारंभ

 


सहरसा,27 फरवरी (हि.स.)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, शान्ति अनुभूति भवन के तत्वावधान में पटेल मैदान में द्वादश ज्योर्तिलिंगम दर्शन मेला सह 89 वां जयंती महोत्सव का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन कर विधायक आलोक रंजन और अन्य लोगों ने सामूहिक रूप से किया।

कार्यक्रम को संबोधित कर एमएलए डॉ आलोक रंजन ने कहा कि ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय ने यह बहुत ही सुंदर धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया है। जिससे सहरसा वासियों को एक ही छत के नीचे द्वादश ज्योर्तिलिंगम दर्शन लाभ भी मिलेगा और परमात्मा शिव द्वारा प्रदत्त ज्ञान एवं राजयोग मेडिटेशन का भी लाभ मिलेगा। इसके लिए मैं स्नेहा बहन को बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं।

समस्तीपुर से पधारे कृष्ण भाई जी ने कहा- महाशिवरात्रि पर्व हमें संदेश दे रहा है यह कलियुग की रात अब जाने वाली है और सतयुग का सवेरा आने वाला है। यह समय कलियुग और सतयुग के मिलन का कल्याणकारी संगमयुग है। 89 वर्ष पूर्व निराकार ज्योति स्वरूप परमात्मा शिव प्रजापिता ब्रह्मा के तन में प्रविष्ट कर उनके मुख कमल से सत्य ज्ञान की गंगा बहाई। जिन आत्माओं ने यह ज्ञान श्रवण किया उन्हें परमात्मा के सत्य परिचय से उनकी प्राप्तियों का अनुभव होना शुरू हो गया। परमात्मा शिव सर्व आत्माओं के परमपिता, परम शिक्षक, परम सतगुरु हैं। यह ईश्वरीय विश्व विद्यालय विश्व स्तर पर परमात्मा का संदेश पहुंचाने का भागीरथ प्रयास कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार