जीएमसी जम्मू ने कर्मचारियों के लिए संशोधित ड्यूटी के समय की घोषणा की
जम्मू, 27 फरवरी (हि.स.)। सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू ने अपने कर्मचारियों के लिए ड्यूटी के समय में संशोधन किया है जिसमें काम के घंटों में मौसमी समायोजन लागू किया गया है।
सरकारी आदेश संख्या 272-जेके (एचएमई) 2024 के अनुसार नियमित ड्यूटी घंटे सप्ताह के दिनों में सुबह 9ः00 बजे से शाम 5ः00 बजे तक निर्धारित किए गए हैं जिसमें दोपहर 1ः30 बजे से दोपहर 2ः00 बजे तक आधे घंटे का लंच ब्रेक है। शनिवार को काम के घंटे सुबह 9ः00 बजे से दोपहर 1ः30 बजे तक होंगे।
सरकारी आदेश संख्या 892-जेके (एचएमई) 2024 के तहत संशोधन ने एक शीतकालीन कार्यक्रम पेश किया है जिसमें 1 दिसंबर से 28/29 फरवरी तक काम के घंटों को सुबह 10ः00 बजे से शाम 4ः30 बजे तक समायोजित किया गया है। यह शीतकालीन कार्यक्रम 28 फरवरी, 2025 को समाप्त होगा और नियमित कार्य घंटे 1 मार्च, 2025 से फिर से शुरू होंगे।
प्रशासन ने सभी कर्मचारियों से संशोधित समय का पालन करने का आग्रह किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता