मणिपुर में केवाईकेएल, प्रीपाक(प्रो) विद्रोही, हत्या का आरोपित गिरफ्तार, हथियार बरामद
इम्फाल, 27 फरवरी (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित संगठन केवाईकेएल तथा प्रीपाक(प्रो) संगठनों के एक-एक विद्रोहियों तथा हत्या के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इम्फाल ईस्ट जिले में हथियारों और गोलाबारूद का जखीरा बरामद किया गया।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शमजेतसाबम रोमनंदा सिंह (23) को इम्फाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया। वह प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कंगलेई याओल कन्ना लुप (केवाईकेएल) का सक्रिय सदस्य है। यह कार्रवाई सिंजामेई थाना क्षेत्र, इम्फाल वेस्ट के तहत की गई।
एक अन्य अभियान में मणिपुर पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई-पीएस के अंतर्गत मेसर्स केन ऑटोमोबाइल वर्क्स के पास सिंगजामेई माखा काक्वा असेम लेईकाई से प्रीपाक(प्रो) संगठन के एक विद्रोही, सापम जेम्सबॉन्ड (25) उर्फ नगनबा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित आम जनता, सरकारी कार्यालयों, प्रधानों, व्यापारियों और दुकानों आदि से पैसे की मांग करके और उनसे पैसे वसूलकर जबरन वसूली की गतिविधियों में सीधे तौर पर शामिल था।
एक अन्य ऑपरेशन में पुलिस ने पोटशांगबम सनाहन मैतेई (44) को पोइरई, इम्फाल ईस्ट से गिरफ्तार किया। वह विगत 10 फरवरी को हुई लैशराम मालेमंगबा (19) की हत्या का आरोपित है। पुलिस के मुताबिक, यह गिरफ्तारी मामले की जांच में एक अहम सफलता मानी जा रही है।
इस बीच, कियामगई मुस्लिम अवांग लेकाई, इम्फाल ईस्ट में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान एक सिंगल बैरल गन, 10 नग .303 रायफल कारतूस, तीन आंसू गैस शेल और ग्यारह .32 बोर राउंड बरामद किए। ये हथियार कियामगई ब्रिज के पूर्वी छोर के पास से मिले।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश