कर्नाटक में बनेगा देश का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम
कर्नाटक में नया क्रिकेट स्टेडियम
बेंगलुरू: भारत में क्रिकेट केवल एक खेल नहीं है, बल्कि यह करोड़ों लोगों की भावनाओं का प्रतीक है। हर उम्र के लोग इस खेल के प्रति गहरी रुचि रखते हैं। दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, भारत में है। अब कर्नाटक को देश का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम मिलने की उम्मीद है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारामैया ने शनिवार को अनेकल तालुक के सूर्यनगर फेज-4 में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी। यह स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार बनाया जाएगा और इसमें लगभग 80,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी।
यह स्टेडियम हाउसिंग डिपार्टमेंट और कर्नाटका हाउसिंग बोर्ड द्वारा विकसित किए जा रहे एक बड़े स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का हिस्सा होगा। इस परियोजना की घोषणा बेंगलुरु के पास सूर्यनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में की गई।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बताया कि पूरे विकास प्रोजेक्ट के लिए लगभग 4,000 एकड़ भूमि का उपयोग किया जाएगा। इनमें से 75 एकड़ भूमि स्टेडियम के निर्माण के लिए निर्धारित की गई है, जबकि शेष क्षेत्र में हाउसिंग लेआउट और किसानों व अन्य आवेदकों के लिए प्लॉट विकसित किए जाएंगे।
हाल ही में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को खेलों को बढ़ावा देने और बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित तरीके से समायोजित करने के लिए बेहतर बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है।
हालांकि, इस परियोजना का कुछ किसानों और पर्यावरणविदों द्वारा विरोध भी किया जा रहा है। उनका कहना है कि प्रस्तावित स्टेडियम की लोकेशन कराडिक्कल-महादेश्वर वन्यजीव कॉरिडोर के निकट है, जिससे पर्यावरण और वन्यजीवों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
