भारतीय नवाचार कंपनी ने वैश्विक मंच पर किया देश का नाम रोशन
आईआईटी मद्रास की कंपनी का अंतरराष्ट्रीय मान्यता
आईआईटी मद्रास से निकली एक भारतीय नवाचार कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस कंपनी, प्लैनिस टेक्नोलॉजीज, का चयन फ्रांस के नीस में होने वाले 'भारत इनोवेट्स 2026' कार्यक्रम के लिए किया गया है। यहाँ यह कंपनी भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
फ्रांस में भारतीय अनुसंधान की जानकारी साझा की जाएगी, जिसमें पानी के भीतर स्थित संरचनाओं की जांच के लिए रोबोट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत विश्लेषण तकनीकों का उपयोग कैसे किया जा रहा है, यह बताया जाएगा। यह तकनीक गोताखोरों की आवश्यकता को कम करती है और अधिक सटीक परिणाम प्रदान करती है।
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, 150 से अधिक ग्राहकों और 10 से अधिक देशों में संचालन के साथ, यह कंपनी भारतीय नवाचार की नई पहचान बनकर उभरी है। इसकी स्थापना आईआईटी मद्रास के पूर्व छात्रों तनुज झुनझुनवाला और विनीत कुमार उपाध्याय ने की थी।
उन्हें आईआईटी मद्रास के प्रमुख वैज्ञानिकों प्रोफेसर प्रभु राजगोपाल और प्रोफेसर कृष्णन बालासुब्रमणियन का मार्गदर्शन प्राप्त है। उनके नेतृत्व में विकसित तकनीकें पानी के भीतर मौजूद संरचनाओं की जांच को अधिक सुरक्षित, तेज और सटीक बना रही हैं।
कंपनी द्वारा विकसित विशेष रोबोटिक प्रणालियां और एआई आधारित निरीक्षण मंच समुद्र, नदियों और जलाशयों में मौजूद ढांचों की स्थिति का विस्तृत आकलन करते हैं। इससे जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में मानव गोताखोरों पर निर्भरता कम होती है और निरीक्षण कार्य अधिक प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है। प्लैनिस की सेवाएं बंदरगाहों, पुलों, बिजली संयंत्रों, समुद्री ऊर्जा परियोजनाओं और रक्षा क्षेत्र में उपयोग की जा रही हैं।
कंपनी ने अब तक दुनिया भर के सैकड़ों स्थानों पर सफल निरीक्षण किए हैं, जिससे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और रखरखाव में सहायता मिली है। फ्रांस में होने वाले इस प्रतिष्ठित आयोजन में चयन भारतीय तकनीकी क्षमता और अनुसंधान आधारित उद्यमिता की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह दर्शाता है कि भारत में विकसित अत्याधुनिक तकनीकें अब केवल देश की जरूरतों को ही पूरा नहीं कर रहीं, बल्कि वैश्विक चुनौतियों के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
पानी की गहराइयों में छिपी चुनौतियों को खोजने और उनका समाधान देने वाली यह भारतीय कंपनी आज दुनिया को दिखा रही है कि नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी उत्कृष्टता के बल पर भारत वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
