नारायण साईं की जेल में नई मुश्किलें: मोबाइल फोन रखने का मामला
नारायण साईं की मुश्किलें बढ़ीं
सूरत: आसाराम के बेटे नारायण साईं की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बलात्कार के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे नारायण साईं के खिलाफ सूरत की लाजपोर सेंट्रल जेल में मोबाइल फोन रखने का एक नया मामला सामने आया है। यह मामला सचिन पुलिस थाने में दर्ज किया गया है।
जेल प्रशासन को गुरुवार को एक गुप्त सूचना मिली थी कि हाई-सिक्योरिटी बैरक नंबर-1 में बंद नारायण साईं के पास एक मोबाइल फोन है। सूचना मिलते ही जेल स्क्वॉड ने तुरंत कार्रवाई की और नारायण साईं के अलग सेल (सेल नंबर-1) की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान लोहे के मुख्य दरवाजे के पीछे एक स्मार्टफोन चुंबक की मदद से छिपा हुआ मिला। इसके साथ ही एक जियो कंपनी का सिम कार्ड भी बरामद किया गया।
जांच में यह पता चला कि नारायण साईं बेहद चालाकी से फोन का उपयोग करता था। वह बातचीत खत्म होने के बाद तुरंत फोन से बैटरी और सिम कार्ड निकाल लेता था। सिम कार्ड अपने पास रखता था, जबकि बैटरी को सुरक्षा के लिए सेंट्री रूम में छिपा देता था। जेल स्टाफ की सतर्कता से सेंट्री रूम के दरवाजे में लगे नाकूचे (की-होल) के अंदर छिपाई गई बैटरी भी बरामद कर ली गई।
जेल प्रशासन की शिकायत पर सचिन पुलिस ने नारायण साईं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और गुजरात जेल मैनुअल के नियमों के उल्लंघन के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि नारायण साईं यह मोबाइल फोन कहां से लाया और इसका उपयोग किससे संपर्क करने के लिए किया जा रहा था।
एसीपी नीरव गोहिल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "नारायण साईं जहांगीरपुरा पुलिस स्टेशन के बलात्कार मामले में दोषी है। गुरुवार को लाजपोर सेंट्रल जेल के स्टाफ को जानकारी मिली कि नारायण साईं ने अपनी बैरक के अंदर एक मोबाइल फोन छिपा रखा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए, जेल सिक्योरिटी स्क्वॉड ने बैरक नंबर 1 में तलाशी ली, जहां उसे एक अलग सेल में रखा गया था। तलाशी के दौरान, सेल के गेट के पीछे एक मोबाइल फोन मिला, जिसे मैग्नेट से लोहे के दरवाजे से चिपकाया गया था, और उसे तुरंत बरामद कर लिया गया।"
उन्होंने आगे बताया कि जेल में मोबाइल फोन रखना एक गंभीर अपराध है। नारायण साईं के सेल से फोन, सिम और बैटरी बरामद की गई है। हमने जेल प्रशासन की शिकायत पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की गहन जांच की जा रही है।
