इतिहास के पन्नों में 28 फरवरीः जिन पर कृपा राम करें वो पत्थर भी तिर जाते हैं

हिंदी सिनेमा के सबसे कर्णप्रिय और भावपूर्ण गीतों के लिए मशहूर बहुमुखी प्रतिभा के धनी जानेमाने संगीतकार व गीतकार रवींद्र जैन का जन्म 28 फरवरी 1944 को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ शहर में कनवरीगंज नामक इलाके में हुआ भारतीय टेलीविजन में मील का पत्थर माने जाने वाले रामानंद सागर की रामायण का स्वर बनकर रवींद्र जैन घर-घर में लोकप्रिय हो गए। दोनों आंखों से देखने में असमर्थ रवींद्र जैन ने अपनी प्रतिभा के जरिये समाज के सामने एक अद्वितीय उदाहरण पेश किया।
रवींद्र जैन ने अपने फिल्मी जीवन की शुरुआत फिल्म सौदागर से की थी, जिसमें उन्होंने गीत लिखे और उसे स्वर भी दिया। उन्हें 1984 में फ़िल्म राम तेरी गंगा मैली के लिए फ़िल्मफ़ेयर सर्वश्रेष्ठ संगीतकार पुरस्कार मिला। वर्ष 2015 में उनको पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। 9 अक्टूबर, 2015 को मुंबई में उनका निधन हो गया।
बॉलीवुड का सफर शुरू करने से पहले जैन भजन गाते थे। हिन्दी फिल्मों में उनके कई गीत जबर्दस्त लोकप्रिय हुए जिनमें- गीत गाता चल, ओ साथी गुनगुनाता चल (गीत गाता चल-1975), जब दीप जले आना (चितचोर-1976), अंखियों के झरोखों से, मैंने जो देखा सांवरे (अंखियों के झरोखों से-1978), श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम (गीत गाता चल-1975), एक राधा एक मीरा (राम तेरी गंगा मैली-1985) जैसे गीत शामिल हैं।
अन्य अहम घटनाएंः
1991 - खाड़ी में युद्ध विराम लागू।
1992 - भारत एवं ब्रिटेन के बीच आतंकवाद के विरुद्ध सहयोग के समझौते पर हस्ताक्षर।
1994 - अफ़्रीका ने नामीबिया को पोर्ट एन्क्लेव बालिस बे सुपुर्द किया।
1996 - क्लिंटन प्रशासन ने पाकिस्तान को 35.6 करोड़ डॉलर के हथियार आपूर्ति न करने का फैसला किया।
1999 - कोलीन प्रेसकोट एवं एंडी एल्सन (ब्रिटेन) ने 233 घंटे 55 मिनट तक गुब्बारे की मदद से आकाश में रहने का विश्व रिकार्ड बनाया।
2003 - नामीबिया के राष्ट्रपति सैम नुजोमा भारत की चार दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुँचे
-भारत की स्थायी सदस्यता वाला विधेयक अमेरिकी संसद में पेश।
2005 - मिलियन डॉलर बेबी को चार आस्कर पुरस्कार मिले।
2006 - फिलीपींस में आपातकाल लागू करने का मामला न्यायालय पहुँचा।
2008 - वित्तमंत्री पी.चिदम्बरम ने संसद में आर्थिक समीक्षा पेश की।
- उत्तर प्रदेश के राज्यपाल टीपी राजेश्वर ने 'वैट' विथेयक की अपनी मंज़ूरी दी।
-नेपाल में सरकार और संयुक्त मधेशी लोकतांत्रिक मोर्चा के बीच शांति समझौता हुआ।
जन्म
1947 - विजय बहुगुणा - उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री।
1947 - दिग्विजय सिंह - मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री।
1944 - रवीन्द्र जैन - भारतीय हिन्दी सिनेमा के सुप्रसिद्ध संगीतकार तथा गायक।
1927 - कृष्णकान्त - भारत के भूतपूर्व उपराष्ट्रपति थे।
1913 - पंडित नरेंद्र शर्मा- हिन्दी के प्रसिद्ध कवि, लेखक एवं सम्पादक।
निधन
2020 - बलबीर सिंह खुल्लर - भारतीय हॉकी टीम के पूर्व सदस्य थे।
2018 - जयेन्द्र सरस्वती - कामकोटि पीठ, कांचीपुरम के शंकराचार्य थे।
1989 - तिरुमलाई कृष्णामाचार्य - भारत के योग गुरु,आयुर्वेद के वैद्य तथा विद्वान थे।
1936 - कमला नेहरू- जवाहर लाल नेहरू की धर्मपत्नी।
1963 - डॉ.राजेंद्र प्रसाद- देश के प्रथम राष्ट्रपति, स्वतंत्रता सेनानी और विधिवेत्ता।
1884 - वीर सुरेंद्र साई - भारतीय क्रांतिकारी थे।
महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस (रमन प्रभाव खोज दिवस)।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश