Newzfatafatlogo

कांग्रेस के शीर्ष नेता असम में करेंगे रैलियां, दिल्ली में हुई खास बैठक में बनी रणनीति

 | 
कांग्रेस के शीर्ष नेता असम में करेंगे रैलियां, दिल्ली में हुई खास बैठक में बनी रणनीति


नई दिल्ली, 27 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस ने आज यहां पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में असम से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों और चुनावी रणनीति को लेकर एक बैठक की। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल तथा असम प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में आगामी असम विधानसभा चुनाव की रणनीति से जुड़ी चर्चा हुई। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने असम के मौजूदा मुख्यमंत्री पर कानून व्यवस्था को व्यवस्थित नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे राज्य की जनता बहुत परेशान है। बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद राहुल गांधी, पार्टी महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी निकट भविष्य में असम का दौरा करेंगे। ये नेता असम के विभिन्न हिस्सों में होने वाली पार्टी की रैलियों में भी भाग लेंगे।

इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि एक साल में असम के लोग भ्रष्टाचार, विभाजन और प्रतिशोध की राजनीति को त्याग देंगे। उन्होंने कहा कि असम के करीब 3.5 करोड़ लोग इस बदलाव के लिए कांग्रेस की ओर देख रहे हैं। उन्होंने मीडिया के एक वर्ग पर एकतरफा प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह उनके बदलाव के संकल्प को हिला नहीं सकता।

असम के प्रभारी एवं पार्टी महासचिव जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि असम में भाजपा और उसके मुख्यमंत्री घबराए हुए हैं जबकि कांग्रेस बेहद मजबूती से काम कर रही है और असम की जनता के लिए लड़ रही है।

बैठक के बाद असम के प्रदेशाध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने कहा कि इस बैठक में असम से आए हुए सभी नेताओं को अपनी बात रखने का मौका मिला, जिसके लिए हम पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद देते हैं। बैठक में हमने संकल्प लिया है कि हम सभी एकजुट होकर आगामी चुनावों में असम से भाजपा की सरकार को उखाड़ फेकेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमंता बिस्वा सरमा देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं और हमने मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार से जुड़े हुए सभी सबूत शीर्ष नेतृत्व के सामने रखे हैं। हम और हमारे सभी नेता जनता के बीच जाएंगे और भ्रष्टाचार के इन सबूतों को उनके सामने रखेंगे।

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने अगले साल चुनाव वाले हर राज्य के नेतृत्व से बात की। उन्होंने हमारी बात सुनी और हमें आगे बढ़ने के निर्देश दिए। अगर हमें असम में लोकतंत्र को बचाना है तो वहां की भ्रष्ट मौजूदा राज्य सरकार को उखाड़ फेंकना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दधिबल यादव