हाई कोर्ट के आदेश पर संभल की विवादित जामा मस्जिद में पहुंची एएसआई की तीन सदस्यीय टीम

मुरादाबाद, 27 फरवरी (हि.स.)। इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की तीन सदस्यीय टीम गुरुवार को संभल की विवादित जामा मस्जिद व हरिहरनाथ शिव मंदिर की रंगाई-पुताई और मरम्मत की जांच की। एएसआई की टीम ने करीब सवा घंटे तक मस्जिद की स्थिति का जायजा लिया। विवादित मस्जिद के हर हिस्से की बारीकी से जांच की। उच्च न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को निरीक्षण रिपोर्ट पेश करनी है। निरीक्षण के दौरान विवादित स्थल के आस पास काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
संभल जामा मस्जिद कमेटी ने उच्च न्यायालय इलाहाबाद में याचिका दायर की थी। जिसमें रमजान से पहले सफाई, पुताई और सजावट किए जाने का आग्रह किया गया था। आज सुबह हाई कोर्ट में इस याचिका पर सुनवाई की गई। जिसमें उच्च न्यायालय ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की टीम को आज ही सर्वे कर 28 फरवरी को सुबह 10 बजे तक निरीक्षण रिपोर्ट देने के लिए कहा। उच्च न्यायालय के आदेश पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की टीम में शामिल ज्वाइंट डायरेक्टर मदन सिंह चौहान, डायरेक्टर जुल्फिकार अली, मेरठ सर्किल के सुपरिटेंडेंट आर्कियोलॉजिस्ट विनोद सिंह रावत ने शाम 4.35 बजे की टीम ने जामा मस्जिद में प्रवेश किया और शाम 5.47 बजे तक मस्जिद की स्थिति का आकलन किया। एएसआई की टीम ने और विवादित मस्जिद के हर हिस्से की बारीकी से जांच की। अब इसकी रिपोर्ट कल उच्च न्यायालय में पेश की जाएगी।
जिलाधिकारी डॉ राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश पर आज संभल पहुंची भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की तीन सदस्यीय टीम ने लगभग सवा घंटे विवादित जामा मस्जिद में बरीकी से जांच की और फिर प्रयागराज के लिए रवाना हो गई। इस जामा मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली एडवोकेट व अन्य पदाधिकारी भी साथ रहे। विवादित स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल