NASA ने साझा की पिनव्हील गैलेक्सी की अद्भुत तस्वीर
पिनव्हील गैलेक्सी की खूबसूरत झलक
नई दिल्ली: अंतरिक्ष की दुनिया न केवल रहस्यमयी है, बल्कि बेहद खूबसूरत भी है। अमेरिकी स्पेस एजेंसी NASA ने हाल ही में एक अद्भुत तस्वीर साझा की है, जिसमें पिनव्हील गैलेक्सी को दिखाया गया है, जिसे वैज्ञानिक मेसियर 101 या एम-101 के नाम से भी जानते हैं।
यह गैलेक्सी एक ट्रिलियन से अधिक तारों से भरी हुई है और इसकी खूबसूरत बैंगनी रंगत इसे और भी आकर्षक बनाती है। NASA की चंद्रा एक्स-रे ऑब्जर्वेटरी द्वारा खींची गई इस तस्वीर में अन्य टेलीस्कोपों के डेटा का भी समावेश किया गया है। गैलेक्सी का यह रंग चंद्रा के एक्स-रे डेटा को विभिन्न रंगों में प्रदर्शित करने के कारण है। वैज्ञानिकों ने दृश्य प्रकाश और इन्फ्रारेड तरंगदैर्ध्य को मिलाकर एक कंपोजिट इमेज तैयार की है, जिससे गैलेक्सी के अंदर की गतिविधियों को समझने में मदद मिलती है।
View this post on Instagram
NASA ने इंस्टाग्राम पर इस तस्वीर को साझा करते हुए बताया कि ऐसी कंपोजिट तस्वीरें वैज्ञानिकों को गैलेक्सी के अंदर तारों के निर्माण, ऊर्जा और विकास की प्रक्रियाओं को समझने में मदद करती हैं। पिनव्हील गैलेक्सी सक्रिय तारे निर्माण के क्षेत्रों के लिए भी जानी जाती है। यह तस्वीर ब्रह्मांड की विशालता, रंगीनता और रहस्यमयता को दर्शाती है।
पिनव्हील गैलेक्सी एक सर्पिल आकार की गैलेक्सी है, जो पृथ्वी से लगभग 21 से 25 मिलियन प्रकाश वर्ष दूर स्थित है। इसकी चौड़ाई 1,70,000 प्रकाश वर्ष है, जो मिल्की वे गैलेक्सी की चौड़ाई से लगभग दोगुनी है। इसके सर्पिल भुजाओं में गैस और धूल के विशाल बादल हैं, जहां नए तारे बन रहे हैं। गर्म और नीले तारे इन भुजाओं को और भी चमकदार बनाते हैं।
यह गैलेक्सी उत्तरी गोलार्ध में उरसा मेजर तारामंडल, जिसे 'बिग डिपर' भी कहा जाता है, के पास स्थित है। यदि आसमान साफ और अंधेरा हो, तो इसे छोटे टेलीस्कोप या दूरबीन से देखा जा सकता है। पिनव्हील गैलेक्सी की खोज 1781 में पियरे मेचैन ने की थी, जो चार्ल्स मेसियर के सहयोगी थे। इसकी आभासी चमक 7.9 है, जिससे यह रात में धुंधली दिखाई देती है।
