उरई में थाना प्रभारी की संदिग्ध मौत: महिला सिपाही पर हत्या का आरोप
उरई में थाना प्रभारी की मौत की जांच जारी
उरई। उरई के कुठौंद थाना प्रभारी अरुण कुमार राय की शुक्रवार रात उनके आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उन्हें रिवाल्वर से गोली लगी थी। इस मामले में महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा पर शक किया जा रहा है। मृतक इंस्पेक्टर की पत्नी ने भी मीनाक्षी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला सिपाही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस बीच, पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें महिला सिपाही आवास से भागती हुई नजर आ रही है। अब पुलिस इस फुटेज की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे थाना प्रभारी के आवास से गोली चलने की आवाज आई। इस दौरान एक महिला सिपाही चिल्लाते हुए बाहर आई और कहा कि थाना प्रभारी ने खुद को गोली मार ली। जब अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि अरुण कुमार चारपाई पर खून से लथपथ पड़े हुए थे। घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया। उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना की जानकारी मिलने पर डॉ. दुर्गेश कुमार और डीएम राजेश पांडे थाने पहुंचे और मामले की जांच की। थाना प्रभारी की पत्नी ने मीनाक्षी शर्मा पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया गया है कि अरुण कुमार एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौटे थे और उसके बाद गोली चलने की आवाज आई। जब साथी पुलिसकर्मी कमरे में पहुंचे, तो वे खून से लथपथ मिले। मेडिकल कॉलेज में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि रात में एक महिला सिपाही ने सूचना दी कि साहब ने गोली मार ली है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और डॉक्टरों के तीन सदस्यीय पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसकी वीडियोग्राफी भी की गई है। थाना प्रभारी की पत्नी माया राय ने कोंच कोतवाली के यूपी-112 में तैनात सिपाही मीनाक्षी शर्मा पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
थाना प्रभारी की पत्नी ने कहा कि उनके पति आत्महत्या नहीं कर सकते थे। उनकी मौत के बाद महिला सिपाही भाग गई, जिसका नाम मीनाक्षी शर्मा बताया गया है। उनका आरोप है कि पति की हत्या उसी महिला ने की है।
