गाजियाबाद में टायर फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
गाजियाबाद में आग का भयावह मंजर
गाजियाबाद: राजेंद्र नगर स्थित एक टायर निर्माण फैक्ट्री में मंगलवार सुबह अचानक आग लग गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
सुबह लगभग 7:30 बजे साहिबाबाद फायर स्टेशन को सूचना मिली कि राजेंद्र नगर में एक टायर फैक्ट्री में आग लग गई है. सूचना मिलते ही अग्निशामक दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा. साहिबाबाद फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर और कोतवाली एवं वैशाली फायर स्टेशन से एक-एक फायर टेंडर भेजा गया.
जब अग्निशामक दल मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि फैक्ट्री के सामने की ओर आग तेजी से फैल रही थी. आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तुरंत हौज लाइन बिछाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. हालांकि, आग धीरे-धीरे फैक्ट्री के अंदर भी फैल चुकी थी, जिससे दमकल कर्मियों के लिए अंदर जाना कठिन हो गया था. आग को तुरंत बुझाना आवश्यक था, अन्यथा यह फैक्ट्री के अन्य हिस्सों में भी फैल सकती थी.
अग्निशामक दल ने फैक्ट्री की एक दीवार को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग पर काबू पाने के प्रयास को तेज किया. फैक्ट्री में बड़ी संख्या में टायर रखे हुए थे, जिनमें आग लगने से आग बुझाने का कार्य और भी चुनौतीपूर्ण हो गया. टायरों में लगी आग लंबे समय तक जलती रही और सामान्य पानी से इसे पूरी तरह से नियंत्रित करना मुश्किल होता गया. इसी कारण दमकल विभाग ने फैक्ट्री के अंदर फोम की पंपिंग कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया.
अग्निशामक दल की तत्परता और सूझबूझ के चलते आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोक दिया गया. यदि समय पर कार्रवाई नहीं की जाती, तो आग आसपास की औद्योगिक इकाइयों को भी प्रभावित कर सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था.
