मथुरा में चेन स्नैचिंग के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तारी
पुलिस की कार्रवाई से गिरफ्तार हुआ बदमाश
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले की थाना जैत पुलिस ने धार्मिक स्थलों पर महिलाओं से चेन छीनने वाले एक अपराधी को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया है। इस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की चेन, एक अवैध हथियार और बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
सोमवार रात लगभग 10:30 बजे, थाना जैत पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक वांछित अपराधी विशाल कुमार (23), जो कि सतलोनी खुर्द (अलीगढ़) का निवासी है, चेन स्नैचिंग की योजना बना रहा है। वह अल्लैपुर गांव से हाईवे की ओर कच्चे रास्ते से जा रहा था।
सूचना के आधार पर, जैत पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की। जब बदमाश ने पुलिस को घिरा हुआ देखा, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विशाल के बाएं पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर वृन्दावन के अस्पताल में भेजा।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए बदमाश के पास से एक सोने की चेन, 1.315 बोर का तमंचा, दो कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की।
विशाल कुमार एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ मथुरा के थाना जैत और अलीगढ़ के थाना इगलास में कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वर्तमान में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) की विभिन्न धाराओं के तहत कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास और साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
सीओ पीपी सिंह ने बताया कि थाना जैत को सूचना मिली थी कि 1 जून को एक महिला के गले से चेन छीनने वाला बदमाश फिर से वारदात करने आ रहा है। इसी सूचना पर जैत पुलिस ने चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक पर आता दिखा। पुलिस को देखकर बाइक सवार अल्लैपुर गांव से हाईवे की ओर भागने लगा। जब पुलिस ने उसका पीछा किया, तो बदमाश ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया।
