व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी की घटना, संदिग्ध की मौत
व्हाइट हाउस के पास सुरक्षा चेकपॉइंट पर गोलीबारी
वाशिंगटन: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में एक बार फिर सुरक्षा को चुनौती देते हुए गोलीबारी की घटना सामने आई है। अमेरिकी कानून प्रवर्तन अधिकारियों के अनुसार, एक संदिग्ध व्यक्ति व्हाइट हाउस के निकट स्थित सुरक्षा चेकपॉइंट पर पहुंचा और वहां तैनात अधिकारियों पर गोलीबारी कर दी।
सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, संदिग्ध ने व्हाइट हाउस के पश्चिमी गेट के पास चेकपॉइंट पर पहुंचकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उसने लगभग 20 से 30 राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने भी गोली चलाई, जिससे संदिग्ध घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई है, जो मैरीलैंड का निवासी था।
इस गोलीबारी में एक राहगीर भी घायल हुआ है। घटना के तुरंत बाद व्हाइट हाउस को चारों ओर से सील कर दिया गया। काउंटर-स्नाइपर्स को छतों पर तैनात किया गया और स्टाफ को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस समय व्हाइट हाउस के अंदर थे, और अधिकारियों ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति और उनके परिवार को कोई खतरा नहीं है।
