हरियाणा सरकार ने खिलाड़ियों को कैश अवॉर्ड देने का किया ऐलान

खेलमंत्री ने 32 करोड़ रुपए की मंजूरी दी
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने खिलाड़ियों को कैश अवॉर्ड देने का निर्णय लिया है, जिसके लिए 32 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। खेलमंत्री गौरव गौतम ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रदेश के खिलाड़ी ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियन और कॉमनवेल्थ जैसे बड़े आयोजनों में सबसे अधिक पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं को बढ़ाने और उनके मनोबल को ऊंचा रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
पदक विजेताओं को मिलेंगे बड़े पुरस्कार
गौतम ने बताया कि 2023 के पैरा एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की कैश अवॉर्ड की मांग को पूरा किया गया है। विभिन्न जिलों के 13 खिलाड़ियों को 19 करोड़ 72 लाख 50 हजार रुपए और 4 अन्य खिलाड़ियों को 12 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। प्रदेश सरकार द्वारा स्वर्ण पदक विजेता को 3 करोड़, रजत पदक विजेता को 1.50 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 75 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाता है।
खेल नीति का अनुसरण कर रहे अन्य प्रदेश
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश और देश की प्रगति में स्वस्थ शरीर और मन वाले लोगों का योगदान महत्वपूर्ण होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने एक खेल नीति बनाई है, जिसका अनुसरण अन्य प्रदेश भी कर रहे हैं।
खिलाड़ियों के इलाज का खर्च भी उठाती है सरकार
खेल मंत्री ने कहा कि पैरा खिलाड़ी प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। ये खिलाड़ी न केवल देश के लिए पदक जीत रहे हैं, बल्कि अपनी प्रतिभा से भी मिसाल पेश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ खेल के दौरान चोटिल होने पर उनके इलाज का खर्च भी उठाती है।