दक्षिण अफ्रीका में गोलीबारी: 11 लोगों की मौत, तीन बच्चे शामिल
दक्षिण अफ्रीका में हुई गोलीबारी की घटना
शनिवार को दक्षिण अफ्रीका की राजधानी के पास एक अवैध बार में हुई गोलीबारी में कम से कम 11 व्यक्तियों की जान चली गई। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में तीन बच्चे शामिल हैं, जिनकी उम्र 3, 12 और 16 वर्ष है।
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा ने बताया कि इस घटना में 14 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, घायलों की उम्र और उनकी स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।
पुलिस ने बताया कि यह गोलीबारी प्रिटोरिया के पश्चिम में सॉल्सविले टाउनशिप के एक छात्रावास के भीतर स्थित बार में हुई। मौके पर 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की अस्पताल में मृत्यु हुई।
मारे गए बच्चों में एक तीन वर्षीय लड़का, एक 12 वर्षीय लड़का और एक 16 वर्षीय लड़की शामिल हैं।
पुलिस ने तीन संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर एथलेंडा माथे ने कहा कि कम से कम तीन अज्ञात बंदूकधारी छात्रावास में घुस आए थे, जहां लोग शराब पी रहे थे, और उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी।
उन्होंने यह भी बताया कि हत्याओं का उद्देश्य स्पष्ट नहीं है। गोलीबारी तड़के लगभग चार बजकर 15 मिनट पर हुई, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना सुबह छह बजे मिली।
पुलिस ने बताया कि अवैध बार में गोलीबारी एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। इस वर्ष अप्रैल से सितंबर के बीच, पुलिस ने 11,000 से अधिक अवैध शराबखानों को बंद किया है और शराब की अवैध बिक्री में संलिप्त 18,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।
