शिमला में पत्रकारों के लिए एक्सीडेंटल बीमा पॉलिसियों का वितरण
मुख्यमंत्री ने 60 वर्ष से अधिक आयु के पत्रकारों को पेंशन देने पर सहमति जताई
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा- मुख्यमंत्री ने 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के पत्रकारों को पेंशन देने पर सहमति जताई
मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान विशिष्ट अतिथि रहे
चंडीगढ़: पत्रकारों की भलाई और सुरक्षा के लिए समर्पित मीडिया वैलबीइंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक्सीडेंटल इंशोरेंस पॉलिसी का वितरण समारोह सोमवार को शिमला के होलीडे होम में धूमधाम से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि नरेश चौहान ने अध्यक्षता की। समारोह में प्रदेशभर से पत्रकारों ने भाग लिया और कई वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पत्रकारों को दस-दस लाख रुपये की निःशुल्क एक्सीडेंटल बीमा पॉलिसियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी के स्वागत भाषण से हुई। शिक्षा मंत्री ने एसोसिएशन के कार्यों की सराहना की और कहा कि मुख्यमंत्री ने 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के पत्रकारों को पेंशन देने पर सहमति जताई है। उन्होंने मांग पत्र में पत्रकारों के लिए पेंशन, कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं और प्रेस रूम की व्यवस्था की बात की।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि एसोसिएशन का मॉडल देशभर के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मीडिया का मजबूत होना आवश्यक है।
नरेश चौहान ने कहा कि पत्रकारों के सामने कई चुनौतियां हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए बीमा और पेंशन योजनाओं को लागू करने की दिशा में सरकार के प्रयासों की पुष्टि की।
शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि पत्रकारों का कार्य चुनौतीपूर्ण है और मीडिया वैलबीइंग एसोसिएशन उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरा है। उन्होंने पत्रकारों की निष्पक्ष रिपोर्टिंग की सराहना की।
चंद्रशेखर धरणी ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था पत्रकारों को टर्म इंश्योरेंस, हेल्थ पॉलिसी और चिकित्सा सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और इस बदलाव के बीच पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करना आवश्यक है।
समारोह में नोफल एक उम्मीद संस्था के अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने घोषणा की कि पत्रकार परिवारों को निशुल्क एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
