अभय चौटाला का दावा: हमारी सरकार बनने पर पंजाब से एसवाईएल का पानी लेंगे

इनेलो अध्यक्ष का बयान
कुरुक्षेत्र: इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने शनिवार को स्पष्ट किया कि यदि उनकी पार्टी राज्य में सरकार बनाती है, तो वे पंजाब से सतलुज यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) का पानी लेकर रहेंगे। चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी ने हमेशा सरकार के गलत निर्णयों का विरोध किया है, चाहे वह कांग्रेस की हो या वर्तमान भाजपा सरकार की। उन्होंने बताया कि एसवाईएल के लिए उन्होंने उच्चतम न्यायालय में भी लड़ाई लड़ी और सफलता प्राप्त की।
चौटाला ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह उच्चतम न्यायालय में जाने के बजाय इस मामले को उलझाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, "पंजाब के मुख्यमंत्री से इस मुद्दे पर बात करने की कोई आवश्यकता नहीं है। न्यायालय का निर्णय हरियाणा के पक्ष में आ चुका है और इसे लागू किया जाना चाहिए। यदि पंजाब सरकार इस फैसले का पालन नहीं करती है, तो उसे अवमानना का नोटिस दिया जाना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "हम एसवाईएल के लिए कोई भीख नहीं मांग रहे हैं, यह हमारा अधिकार है। शाह आयोग की रिपोर्ट को लागू करना आवश्यक है। जिस दिन हमारी सरकार बनेगी, हम पंजाब से एसवाईएल का पानी लेकर रहेंगे।" कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) पेपर की तारीख के बारे में चौटाला ने कहा कि उन्होंने सरकार को लिखा है कि यह तारीख गलत है और इसे आगे बढ़ाया जाना चाहिए, क्योंकि 27 तारीख को हरियाणा का बड़ा पर्व तीज है।
खाद की कमी पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सरकार का दावा है कि खाद पोर्टल पर उपलब्ध होगी, जो सही नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि इनेलो पार्टी छोड़कर गए लोग 25 सितंबर को चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर पार्टी में वापस शामिल होंगे। आम आदमी पार्टी के इंडिया गठबंधन से अलग होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी से आम आदमी खुद को अलग कर रहा है। हरियाणा में आम आदमी पार्टी का विरोध हो रहा है और अब पंजाब में भी ऐसा होगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस, ये तीनों पार्टियां पंजाब में एसवाईएल के मुद्दे पर एकजुट हो जाती हैं, जबकि हरियाणा में उनका विरोध करती हैं।