बिहार चुनाव परिणाम: इंडिया ब्लॉक के नेताओं का दावा, जनता ने किया बदलाव का समर्थन
बिहार विधानसभा चुनाव की काउंटिंग जारी
नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के मतदान समाप्त होने के बाद शुक्रवार सुबह 8 बजे से 243 सीटों की काउंटिंग शुरू हो गई है। इस दौरान देशभर से विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। समाजवादी पार्टी, राजद और इंडिया ब्लॉक से जुड़े नेता लगातार यह दावा कर रहे हैं कि इस चुनाव में जनता ने बदलाव के पक्ष में वोट दिया है और इसके परिणाम जल्द ही सामने आएंगे।
लखनऊ से सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने बिहार के चुनावी परिणामों पर एक महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा, “इंडिया ब्लॉक की सरकार बनेगी। पूरे चुनाव में इंडिया ब्लॉक के पक्ष में एक मजबूत लहर थी। जनता ने सत्ता परिवर्तन और संविधान-लोकतंत्र की रक्षा के लिए वोट दिया है।”
उनके अनुसार, बिहार के मतदाता इस बार पूरी तरह से जागरूक होकर मतदान केंद्रों तक पहुंचे हैं और उन्होंने बदलाव का मन बना लिया है।
कैमूर जिले से राजद उम्मीदवार वीरेंद्र कुशवाहा ने भी इसी तरह का दावा किया। उन्होंने कहा कि मतदान के बाद मिली प्रतिक्रियाएं स्पष्ट संकेत दे रही हैं कि जनता सरकार के खिलाफ वोट कर रही है।
कुशवाहा ने कहा, “लोगों से मिले फीडबैक से पता चल रहा है कि उन्होंने बदलाव के लिए वोट दिया है। जल्द ही परिणाम बताएंगे कि जनता ने तेजस्वी प्रसाद यादव के पक्ष में अपना मत डाला है।”
उन्होंने यह भी कहा कि जनता अब रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर शासन की उम्मीद के साथ राजद और तेजस्वी यादव पर भरोसा जता रही है।
इंडिया ब्लॉक के नेताओं का बार-बार कहना है कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है और इस बदलाव का नेतृत्व तेजस्वी यादव कर रहे हैं।
वहीं, एनडीए भी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त है, लेकिन विपक्ष का कहना है कि जमीनी माहौल कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है और नतीजे आने पर यह स्पष्ट हो जाएगा कि जनता ने किस दिशा में फैसला किया है।
