बिहार चुनाव परिणाम: एनडीए को मिली ऐतिहासिक जीत, पीएम मोदी का कार्यकर्ताओं को संबोधन
बिहार चुनाव परिणाम
बिहार चुनाव परिणाम: बिहार में एनडीए को अभूतपूर्व बहुमत प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत और जनता का विश्वास अद्वितीय है... बिहार के लोगों ने एक बार फिर से एनडीए को समर्थन दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार के मतदाताओं ने विकास और समृद्धि के लिए मतदान किया है। चुनाव प्रचार के दौरान, मैंने बिहार की जनता से रिकॉर्ड मतदान की अपील की थी, और उन्होंने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। बिहार की जनता ने एनडीए को प्रचंड विजय दिलाने में मेरा साथ दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि आज बिहार उन राज्यों में शामिल है, जहां युवाओं की संख्या सबसे अधिक है, और इनमें सभी धर्मों और जातियों के युवा शामिल हैं। उनके सपनों और आकांक्षाओं ने पुराने जंगलराज और सांप्रदायिकता को समाप्त कर दिया है। मैं विशेष रूप से बिहार के युवाओं का अभिनंदन करता हूं।
बिहार के चुनाव ने यह भी साबित किया है कि अब मतदाता, विशेषकर युवा मतदाता, मतदाता सूची के शुद्धिकरण को गंभीरता से ले रहे हैं। बिहार के युवाओं ने इस प्रक्रिया का समर्थन किया है। सभी दलों की जिम्मेदारी है कि वे पोलिंग बूथ पर सक्रिय रहें और मतदाता सूची के शुद्धिकरण में योगदान दें।
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार वह भूमि है, जिसने भारत को लोकतंत्र का गौरव दिया है। आज उसी भूमि ने लोकतंत्र पर हमले करने वाली ताकतों को पराजित किया है। बिहार ने स्पष्ट कर दिया है कि झूठ हारता है और जनविश्वास जीतता है।
नई सरकार के साथ एनडीए अब बिहार में 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा की ओर बढ़ रहा है। बिहार ने यह सुनिश्चित किया है कि जंगलराज की वापसी नहीं होगी। यह जीत उन बहनों और बेटियों की है, जिन्होंने आरजेडी के शासन में आतंक झेला है। यह जीत उन युवाओं की है, जिनका भविष्य कांग्रेस और लाल झंडे वालों के आतंक के कारण बर्बाद हुआ। आज के परिणाम वंशवाद की राजनीति के खिलाफ विकास की राजनीति का जनादेश हैं।
