यमुनानगर में बसपा को झटका, कार्यकारिणी सदस्य सहित सैंकड़ों भाजपा में शामिल

यमुनानगर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी को उस समय एक बड़ा झटका लगा जब प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य एवं पार्टी के स्टार प्रचारक मोहित विशु ने अपने सैकड़ो कार्यकर्ता सहित भाजपा का दामन थाम लिया। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
गुरुवार को कांसापुर क्षेत्र में भाजपा द्वारा अपने प्रत्याशी के वोट प्रचार के दौरान आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा की उपस्थिति में बसपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य मोहित विशु अपने सैकड़ो कार्यकर्ता सहित भाजपा में शामिल हो गए। इस मौके पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सभी कार्यकताओं का स्वागत किया।
मोहित विशु ने कहा कि भाजपा की जनकल्याण नीतियों और विकास कार्यों को देखते हुए उन्होंने भाजपा में अपने साथियों के साथ शामिल होने के निर्णय लिया है। भविष्य में पार्टी द्वारा जो भी जिम्मेदारी मुझे दी जाएगी, वह मैं पूरी मेहनत व ईमानदारी से निभाऊंगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि मोहित विशु के पार्टी में आने से इस क्षेत्र के भाजपा वार्ड प्रत्याशियों की स्थिति ओर मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा में सभी कार्यकर्ताओं को मान सम्मान दिया जाता है और इसीलिए भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी और प्रदेश में नायब सरकार से प्रदेश में विकास जोरों पर है। उन्होंने कहा कि अब निगम चुनाव प्रचार के केवल दो दिन रह गए हैं। आमजन के भारी समर्थन को देखते हुए यह निश्चित हो गया है कि भाजपा की शहर की पंचायत बनने जा रही है। हमारी शहर की सरकार बनने पर रुके हुए विकास कार्यों को आगे तीन गुना और गति मिलेगी और निगम के माध्यम से जिले को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग