पानागढ़ हादसे के मुख्य आरोपित बबलू यादव आसनसोल से गिरफ्तार
कोलकाता, 27 फरवरी (हि.स.) ।पश्चिम बर्दवान जिले के पानागढ़ में हुए सड़क हादसे के मुख्य आरोपित बबलू यादव को पुलिस ने आसनसोल से गिरफ्तार कर लिया है। यह हादसा बीते रविवार को हुआ था, जिसमें 27 वर्षीय सुचित्रा चट्टोपाध्याय की मौत हो गई थी। बबलू यादव उस सफेद कार का मालिक है, जिसने कथित रूप से पीड़िता की कार का पीछा किया और उसे टक्कर मारी। इस हादसे में सुचित्रा के चार अन्य सहयोगी भी घायल हुए थे। आरोप है कि उस वक्त गाड़ी बबलू खुद चला रहा था।
आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस आयुक्त सुनील कुमार चौधरी ने बबलू यादव की गिरफ्तारी की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार, उसे आसनसोल के निघा इलाके से पकड़ा गया और कांकसा पुलिस थाने लाया गया। पुलिस अब उसे दुर्गापुर कोर्ट में पेश करेगी।
हादसे में मृत सुचित्रा की मां तनुश्री चट्टोपाध्याय ने कहा, सफेद कार में कई लोग थे, लेकिन केवल बबलू यादव की ही गिरफ्तारी क्यों हुई? पुलिस को सभी आरोपितों को गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने सोमवार को कांकसा थाने जाकर पुलिस से इसी बारे में सवाल किया था।
सुचित्रा चट्टोपाध्याय चंदननगर की रहने वाली थीं और एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी की प्रमुख थीं। रविवार रात जब वह अपने सहयोगियों के साथ लौट रही थीं, तब कुछ नशे में धुत युवकों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उनकी कार का पीछा करते हुए उसे टक्कर मार दी, जिससे कार पलट गई। हालांकि, पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में सुचित्रा की कार को सफेद कार का पीछा करते हुए देखा गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने इस घटना में छेड़छाड़ के पहलू को भी नकार दिया और इसे सिर्फ गाड़ियों के बीच पीछा करने की घटना बताया।
------
पहले भी हो चुकी है बबलू यादव की गिरफ्तारी
स्थानीय लोगों के अनुसार, बबलू यादव उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और पानागढ़ के राइस मिल रोड के पास उसका घर है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह कार पार्ट्स का व्यवसाय करता है। फरवरी 2024 में, उसे बुदबुद पुलिस ने चोरी की कार के उपकरण खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया था, हालांकि तीन दिन बाद उसे जमानत मिल गई थी। इसके बाद से ही उसका व्यवसाय तेजी से बढ़ा।
अब पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर