सोनीपत: भाजपा सरकार अनुसूचित व पिछड़ी जातियों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध: मंत्री गंगवा

सोनीपत, 27 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा
के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि भाजपा सरकार
अनुसूचित जाति व पिछड़ी जाति के कल्याण और उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गरीब
लोगों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं, जिनसे उन्हें सीधा लाभ मिल
रहा है।
कांग्रेस
की स्थिति पर तंज कसते हुए रणबीर गंगवा ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनावों की तरह हरियाणा
के निकाय चुनाव में भी कांग्रेस का खाता नहीं खुलेगा। कांग्रेस की हालत इतनी खराब है
कि कई जगहों पर उम्मीदवार तक नहीं मिल रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री गंगवा ने गुरुवार को सोनीपत से
भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन के समर्थन में प्रजापति धर्मशाला में आयोजित सभा
को संबोधित किया और भाजपा के लिए वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजीव जैन समाज
के सभी वर्गों के समर्थन से ऐतिहासिक जीत हासिल करेंगे। सभा में राजीव जैन ने कैबिनेट
मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
गंगवा
ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस से पूरी तरह मोहभंग हो चुकी है और प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की नीतियों पर पूरा भरोसा रखती है। हरियाणा
विधानसभा चुनावों में भाजपा की शानदार जीत इस विश्वास का प्रमाण है। भाजपा सरकार ने
बिना खर्चे व पर्ची के योग्यता के आधार पर नौकरियां दी हैं, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों
में नौकरियों की खरीद-फरोख्त होती थी। भाजपा सरकार ने पिछड़ा वर्ग के साथ न्याय करते
हुए क्रीमीलेयर की आय सीमा बढ़ाई और बैकलॉग पूरा करने की दिशा में भी काम किया।
इस अवसर
पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने रणबीर गंगवा का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम
में विधायक निखिल मदान, पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा,
ललित बत्रा, नवीन मंगला, योगेश पाल अरोड़ा, तरुण देवीदास, आरती शर्मा, नीरज सोनी, गौरव
भोला, सुरेंद्र मदान, महेश लूथरा, अनिल ठाकुर, चरण सिंह जोगी आदि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना