Newzfatafatlogo

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आआपा के प्रदर्शन को बताया नौटंकी

 | 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आआपा के प्रदर्शन को बताया नौटंकी


नई दिल्ली, 27 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आआपा) के विरोध प्रदर्शन की आलोचना करते हुए इसे आआपा के विधायकों की नौटंकी करार दिया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी विधायकों की विधानसभा के बाहर की गई धरना नौटंकी को देख रहे हैं। सोच कर हंस रहे हैं वक्त का पहिया पूरी तरह घूम गया है।

सचदेवा ने कहा कि जिन आआपा नेताओं को कल तक भाजपा के विधायकों को प्रताड़ित करने में आनंद मिलता था, आज वह अपने भ्रष्टाचार को छुपाने दबाने के लिए महान नेताओं के चित्रों के नाम पर विवाद कर रहे हैं।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि 2018 में विधायक ओमप्रकाश शर्मा को लगभग एक साल और फिर 2021 में एक साथ दो सत्रों के लिए विधानसभा से बाहर किया था, वो आज विधानसभा से तीन दिन के लिए निष्कासित होने पर नौटंकी कर रहे हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि दिल्ली विधानसभा हो या सचिवालय सब जगह मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के कमरों में रोजाना सैकड़ों विजिटर एवं मीडिया कर्मी आ रहे हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र के साथ ही बाबा साहेब भीमराव आम्बेडकर एवं शहीद भगत सिंह के ही नहीं, राष्ट्रपिता एवं प्रधानमंत्री के चित्र भी सुशोभित हैं।

उन्होंने कहा कि कैग की शराब घोटाले पर विधानसभा में रखी गई रिपोर्ट से आआपा नेता खासकर आतिशी बौखला गयी हैं। वह नहीं चाहतीं कि उस पर चर्चा हो, इसलिए आम्बेडकर के नाम पर ओछी राजनीति कर ध्यान भटकाया जा रहा है।

सचदेवा ने कहा कि दिल्ली वाले भलीभांति जानते हैं कि आतिशी का नाम गोवा इंचार्ज के रूप में शराब घोटाले से लाभार्थियों के रूप में जुड़ा है। कैग की रिपोर्ट से उनका डर दिल्ली वालों को खूब समझ आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी