ग्वालियर : शहर में सीजन में पहली बार पारा 34 के पार पहुंचा पारा

ग्वालियर, 27 फरवरी (हि.स.)। इस बार मौसम सभी को चौंका रहा है। कारण, समय से पहले ही गर्मी शुरू हो गई है। ग्वालियर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो वर्तमान सीजन में अब तक का सर्वाधिक तापमान है। न्यूनतम तापमान भी 16 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच गया है। मौसम विज्ञानी इसे जलवायु परिवर्तन का परिणाम बता रहे हैं।
अमूमन महाशिवरात्रि के बाद ठंड का जोर कम हो जाता है लेकिन हल्की ठंड होली तक बनी रहती है। किंतु इस बार फरवरी के प्रारंभ से ही गर्मी महससू हो रही है। सूरज के तेवर दिन प्रतिदिन तल्ख हो रहे हैं। इसके चलते पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच टिका था लेकिन गुरुवार को यह 34.1 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा जो सामान्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस पर रहा। यह भी सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। हवा में नमी भी लगातार घट रही है। आज सुबह हवा में नमी 77 प्रतिशत रही जो सामान्य से 10 प्रतिशत कम है जबकि शाम को हवा में नमी 54 प्रतिशत रही।
यह भी सामान्य से 16 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालय से गुजर रहा है। इसके प्रभाव से राजस्थान में चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के कारण उत्तर से हवाएं नहीं आ पा रही हैं। इधर मौसम शुष्क बना हुआ है। इसी कारण दिन में तेज धूप निकल रही है। इसी कारण तापमान बढ़ रहा है। समय से पहले गर्मी की शुरुआत होने से लोगों को अभी से दिन के साथ-साथ रात में भी पंखा चलाना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो मार्च को हिमालय में एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद शर्मा