Newzfatafatlogo

काठगढ़ शिव मंदिर में जिला स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव संपन्न

 | 

धर्मशाला, 27 फ़रवरी (हि.स.)। इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक काठगढ़ शिव मंदिर में तीन दिवसीय जिला स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य समापन आज हुआ। इस अवसर पर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई और भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने काठगढ़ शिव मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंदिर न केवल श्रद्धा और आस्था का केंद्र है, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर भी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने प्रदेश में मंदिरों के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। ऐतिहासिक काठगढ़ मंदिर के विकास कार्यों में भी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों का बड़ा योगदान रहा है। वर्तमान प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों के संरक्षण, विकास और प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दे रही है।

कृषि मंत्री ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए मंदिर प्रशासन,उपमंडल प्रशासन और पुलिस विभाग को धन्यवाद दिया और भविष्य में इस महोत्सव को और अधिक भव्य बनाने के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इससे पहले, उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और भव्य शोभायात्रा में भाग लिया।

कृषि मंत्री ने मंदिर समिति द्वारा आयोजित मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा के विजेताओं को सम्मानित भी किया। उन्होंने बताया कि मंदिर के विकास कार्यों के लिए 2 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है, जो जल्द ही मंदिर प्रशासन को प्रदान कर दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया