मोहन सिंह बिष्ट दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष निर्वाचित

नई दिल्ली, 27 फ़रवरी (हि.स.)। मुस्तफाबाद क्षेत्र के विधायक मोहन सिंह बिष्ट आज दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए। वह छठी बार दिल्ली विधानसभा में चुनकर आए हैं।
गुरुवार को सदन की कार्यवाही आरम्भ होने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मोहन सिंह बिष्ट को दिल्ली विधानसभा उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने का प्रस्ताव रखा, जिसका खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मंत्री एवं भाजपा सदस्य मनजिंदर सिंह सिरसा ने पुरजोर तरीके से समर्थन किया।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा उपाध्यक्ष का यह चुनाव ऐसे समय पर हुआ, जब 22 सदस्यों वाले विपक्षी दल आम आदमी पार्टी के 21 सदस्य सदन से निलंबित चल रहे हैं। आआपा के सिर्फ एक सदस्य अमानतुल्लाह खान ही सदन की कार्यवाही में हिस्सा ले पा रहे हैं, क्योंकि जिस दिन शोर-शराबा करने पर आआपा विधायकों पर निलंबन की कार्यवाही हुई, उस दिन वह अनुपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dhirender Yadav