गाजियाबाद नगर निगम ने कब्जा मुक्त कराई सात करोड़ की सरकारी भूमि

गाजियाबाद, 27 फ़रवरी (हि.स.)। नगर निगम ने मोहन नगर तथा सिटी जोन में अभियान चलाकर 7 करोड़ रुपये को भूमि कब्जा मुक्त कराई। वहीं नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने नगर निगम की भूमि कब्जाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
नगर निगम के सम्पत्ति विभाग ने मोहन नगर जोन की अर्थला क्षेत्र में तथा सिटी जोन अंतर्गत सिद्धिक नगर में निगम की भूमि को कब्जा मुक्त करने के लिए अभियान चलाया। मौके पर प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह तथा अन्य टीम उपस्थित रही। प्रवर्तन टीम का विशेष सहयोग अभियान के दौरान रहा। लगभग दोनों अभियान में 7 करोड़ की भूमि कब्जा मुक्त कराई गई। पल्लवी सिंह ने बताया कि अर्थला की खसरा नंबर 1330 में 700 वर्ग मीटर भूमि कब्जा मुक्त कराई गई। इसकी कीमत 3.50 करोड़ आकी गई है, इसी प्रकार सिद्धिक नगर में 1640 वर्ग मीटर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। इसका खसरा नंबर 307, 316, 317 है। संपत्ति की कीमत लगभग साढ़े तीन करोड़ आंकी गई हैl
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / फरमान अली