Newzfatafatlogo

राज्य सरकार सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध- उप मुख्यमंत्री, दीया कुमारी

 | 
राज्य सरकार सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध- उप मुख्यमंत्री, दीया कुमारी


जयपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री मंत्री दीया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार पुरातात्विक महत्व के देवालयों, प्राचीन मंदिरों एवं स्मार्कों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जैसलमेर में देवालयों और प्राचीन मंदिरों में नभडूंगरी-शिव मंदिर वर्तमान में जीर्णशीर्ण अवस्था में है। उन्होंने कहा कि नभडूंगरी-शिव मंदिर की वर्तमान स्थिति का प्राथमिकता से परीक्षण करवा कर आवश्यकतानुसार कार्य करवाया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री गुरुवार को विधानसभा में प्रश्नकाल में इस संबंध में सदस्य द्वारा पूछे गये पूरक प्रश्नों का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा कि जीर्णशीर्ण मंदिरों एवं स्मारकों के मरम्मत का कार्य एक सतत प्रक्रिया है, जिसे वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता के अनुसार करवाया जाता है। राज्य सरकार देश की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए संवेदनशील है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जैसलमेर के पुरातात्विक महत्व के मंदिरों एवं स्मारकों की मरम्मत के कार्य करवाए जाएंगे।

इससे पहले विधायक छोटूसिंह के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने जैसलमेर जिले में पुरातात्विक महत्व के देवालय और प्राचीन मंदिरों की सूची सदन के पटल पर रखी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश