Newzfatafatlogo

हॉकी टीम के गठन के लिए चयन ट्रायल दो मार्च को

 | 

खूंटी, 27 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय खेल प्राधिकरण, युवा कार्य विभाग और खेल मंत्रालय एवं हॉकी इंडिया के सहयोग से हॉकी झारखंड के जरिये रांची के मोरहाबादी स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान में 17 मार्च से आयोजित अस्मिता हॉकी लीग 2025 प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खूंटी जिला हॉकी टीम का गठन किया जाएगा। महिला वर्ग के जूनियर एवं सब जूनियर टीम गठन के लिए 2 मार्च को बिरसा कॉलेज के मैदान में सुबह 9 से चयन ट्रायल का आयोजन किया गया है।

यह जानकारी हॉकी खूंटी के सचिव दशरथ महतो ने गुरुवार को देते हुए बताया कि जूनियर टीम के लिए एक जनवरी 2006 या उसके बाद के जन्मतिथि वाले ही चयन ट्रायल में भाग ले सकते हैं। इसी प्रकार सब जूनियर टीम के लिए एक जनवरी 2009 या उसके बाद के जन्म तिथि वाले ही चयन ट्रायल में भाग ले सकते हैं। चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड, पंचायत अथवा नगर पंचायत द्वारा निर्गत जन्म प्रमाण पत्र तथा दसवीं का एडमिट कार्ड या अंक पत्र लाना अनिवार्य होगा।

साथ ही खिलाड़ियों का हॉकी झारखंड के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होना भी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि 17 मार्च से 24 मार्च तक आयोजित उक्त लीग प्रतियोगिता के विजेता टीम को पुरस्कार राशि के रूप में दो लाख रुपए प्रदान किया जाएगा। उपविजेता टीम को एक लाख 60 हजार रुपए तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले टीम को एक लाख 20 हजार रुपए पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा