Newzfatafatlogo

श्रीराम के आदर्शों व संस्कारों को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को सौंपने का प्रयास श्रीराम महोत्सव : राजा बुंदेला

 | 
श्रीराम के आदर्शों व संस्कारों को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को सौंपने का प्रयास श्रीराम महोत्सव : राजा बुंदेला


- रुद्राणी कला ग्राम में पांच दिवसीय भव्य श्रीराम महोत्सव अब 16 मार्च से, जुटेंगे देश विदेश के कलाकार

झांसी, 27 फरवरी (हि.स.)। धार्मिक व पर्यटन नगरी ओरछा धाम के रूद्राणी कला ग्राम एवं शोध संस्थान में 16 मार्च 2025 से पांच दिवसीय राम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। विगत दिनों पहले निर्धारित शुभारंभ तारीख 13 मार्च की जगह पर अब परिवर्तित शुभारंभ 16 मार्च से होगा। होली के चलते प्रमुख कलाकारों ने आने पर असमर्थता जताई थी जिसके बाद यह संशोधन किया गया है। राम महोत्सव विगत तीन वर्षों से बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत कला एवं संस्कृति को संवर्धन करने के उद्देश्य से विभिन्न संस्कृत साहित्य एवं धार्मिक आयोजन करता आ रहा है जिसमें देश के प्रसिद्ध विद्वानों के साथ कला एवं संस्कृति से जुड़े कलाकारों के अलावा फ़िल्म जगत के प्रसिद्ध कलाकार शामिल होंगे।

आयोजन को लेकर रुद्राणी कला ग्राम के संस्थापक एवं प्रसिद्ध अभिनेता राजा बुंदेला ने कहा इस समारोह का उद्देश्य मानवता के समस्त आदर्शों के प्रतीक राम के व्यक्तित्व से मिले संस्कारों को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को सौंपने का एक प्रयास है। जिससे कि आने वाली नई पीढ़ी जाने कि इस तरह सत्य और निष्ठा के मार्ग पर चलते हुए एक आदर्श पुत्र, भाई, मित्र एवं आदर्श पति के दायित्यों को निभाते हुए भी महापुरुष बनने का मार्ग क्या है और आम जीवन शैली एवं व्यवहार में हम किस तरह राम को बसाकर एक आदर्श जीवन जी सकते हैं। श्रीराम महोत्सव की सराहना स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं। बेतवा किनारे राम महोत्सव का भव्य आयोजन में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय साधु-संत श्रीराम राज्य में समाज की व्यवस्था पर प्रकाश डालेंगे।

कार्यक्रम में हिंदी फिल्मों के विख्यात अभिनेता-अभिनेत्रियां नितीश भारद्वाज, मनोज तिवारी एवं सुरेन्द्र पाल आदि शामिल होंगे। केंद्रीय,उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के मंत्री गण एवं समाज सेवी भी सम्मिलित होंगे। रामकथा के विद्वान भाग लेंगे। श्रीराम राजा सरकार की नगरी रूद्राणी कला ग्राम ओरछा में पांच दिवसीय राम महोत्सव का आयोजन 16 मार्च से 20 मार्च तक किया जाएगा। ओरछा धाम की महिमा न्यारी है। श्रीराम संपूर्ण विश्व के राजा हैं। ओरछा धाम से ही समस्त विश्व पर शासन करते हैं बुंदेलखंड में ओरछा धाम की भूमि विपदा को हरण करने वाली है। ओरछा धाम का आध्यात्मिक और भारतीय संस्कृति में प्रमुख स्थान है। कष्ट की घड़ी में यह क्षेत्र जन जन का सहारा है। प्राचीन धर्म ग्रंथों में इस क्षेत्र को विपदा का नाश करने वाला क्षेत्र माना गया है। राम महोत्सव भगवान राम के आदर्शों को जनता तक पहुंचाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस राम महोत्सव में बुंदेलखंड के गिरवासी, बनवासी, आदिवासी, समाज के लोक संगीत, लोक नृत्य का प्रदर्शन राम कथा के साथ टपरा टाकीज में राम से संबंधित फ़िल्मों का प्रदर्शन एवं डॉक्यूमेंट्री, नाटक, रामलीला, यज्ञ आदि के कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।

रात्रि में सांस्कृतिक संध्या पर विश्व विख्यात रामलीला का मंचन होगा प्रातः काल में राम ज्ञान योग होगा, प्रति दिन हवन पूजन होगा,राम भजन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस दौरान राम पर छायाचित्र प्रदर्शनी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया