Newzfatafatlogo

लालबाग में चार मार्च तक जारी रहेगा श्रीशिव महापुराण कथा एवं रुद्र यज्ञ

 | 
लालबाग में चार मार्च तक जारी रहेगा श्रीशिव महापुराण कथा एवं रुद्र यज्ञ


जगदलपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। बस्तर जिला मुख्यालय के लालबाग मैदान में रुद्रांश सेवा समिति द्वारा श्रीशिव महापुराण कथा एवं रुद्र यज्ञ का आयोजन 25 फरवरी काे कलश यात्रा, पंचांग पूजन और वेदी स्थापना के साथ प्रारंभ हो चुका है, तथा अनवरत चार मार्च तक जारी रहेगा। आयोजन के तहत प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक रुद्र यज्ञ एवं दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक शिव महापुराण कथा का श्रवण करने बड़ी संख्या में श्रृद्धालू पहुंच रहे हैं। महायज्ञ और कथा के लिए प्रसिद्ध कथा वाचक ऋषिकेश धाम के बाल व्यास पंडित प्रणव शर्मा एवं बनारस के यज्ञ आचार्य पंडित देवेंद्र उपाध्याय विशेष रूप से आमंत्रित किए गए हैं। वे भक्तों को शिव महापुराण की दिव्य कथाओं का श्रवण करवा रहे हैं।

इस आयोजन की खास बात यह है कि बस्तर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 25 बालक-बालिकाओं का एक समूह इस आयोजन को सफलता पूर्वक संपन्न करा रहा है। इनमें से कई बालक-बालिकाएं दीक्षा ग्रहण कर चुके हैं और पूरे समर्पण के साथ आयोजन में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। रुद्रांश सेवा समिति के नियत कार्यक्रम के अनुसार, 25 फरवरी को कलश यात्रा, पंचांग पूजन और वेदी स्थापना के साथ अनुष्ठान प्रारंभ हुआ। 26 फरवरी काे रुद्राभिषेक, ओम नमः शिवाय जाप, नारद मोह कथा, सृष्टि वर्णन एवं शिव पूजा के महत्व के बारे में बताया गया। आज 27 फरवरी काे दक्ष तप कथा, सती जन्म एवं सती विवाह प्रसंग के बारे में बताया गया। 28 फरवरी काे पार्वती जन्म, पार्वती तप और शिव विवाह का कथा में वर्णन किया जायेगा। 1मार्च काे गणेश-कार्तिकेय जन्मोत्सव एवं तारका मोक्ष के बारे में कथा में बताया जायेगा। 2 मार्च काे शरभ अवतार कथा, भस्मासुर वृतांत और 11 रुद्रों का वर्णन कथा में किया जायेगा। 3 मार्च काे 12 ज्योतिर्लिंग कथा, शोभायात्रा का आयोजन हाेगा। 4 मार्च काे पंचाधर मंत्र महिमा, शिव सहस्त्रनाम पाठ, पूर्ण आहुति, ब्राह्मण भोज एवं महाभंडारा के साथ श्रीशिव महापुराण कथा एवं रुद्र यज्ञ संपन्न हाेगा।

रुद्रांश सेवा समिति ने सभी शिव भक्तों से इस पावन अनुष्ठान में भाग लेने और धर्मलाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है। इसके साथ ही जो भी श्रद्धालु यजमान बनने या आयोजन में योगदान देने के इच्छुक हैं, वे समिति से संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे