ऋषिकेश में 1 से 7 मार्च तक अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव, 20 हजार से अधिक योग साधकों के शामिल होने की उम्मीद

देहरादून, 27 फरवरी (हि.स.)। ऋषिकेश में 1 मार्च से 7 मार्च तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में धर्म, आध्यात्म और योग जगत के प्रतिष्ठित गुरु और योगाचार्य हिस्सा लेंगे। इस महोत्सव में 20 हजार से अधिक योग साधकों और प्रतिभागियों के जुटने की संभावना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऋषिकेश सदियों से योग की पावन भूमि रही है, जहां देश-विदेश के योग साधक खींचे चले आते हैं। उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री के फिट इंडिया अभियान में भी योग की अहम भूमिका है। इसलिए सरकार ऋषिकेश में योग गतिविधियों को अधिक लोकप्रिय बनाने का प्रयास कर रही है। अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव इसी दिशा में एक कदम है।
गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) और पर्यटन विभाग के तत्वावधान में गंगा रिसोर्ट, ऋषिकेश में इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक (एमडी) विशाल मिश्रा ने बताया कि इस बार आयोजन में 20 हजार से अधिक योग साधकों और प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा।
महोत्सव में स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी आत्मस्वरूप, जया किशारी, अक्षत गुप्ता जैसे विख्यात याेग गुरु अपने विचार साझा करेंगे। इसके साथ ही प्रतिदिन शाम को होने वाले सांस्कृतिक समारोह में इंडियन ओशियन, प्रेम जोशुआ, ज्योति नूरान, नरेंद्र सिंह नेगी और उत्तराखंडी लोक नृत्यों की प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही अलग अलग सत्रों में ग्रैंड मास्टर अक्षर, योगी अभिषेक सोती, योगिनी उषा माता, डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी, डॉ. अर्पिता नेगी, योगिनी उर्मिला पांडेय और मेघा चौधरी भी लैक्चर देंगी। प्रतिदिन देश-विदेश के योगाचार्यों की ओर से साधकों और योग प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराये जाएंगे।
तीन दशक से लगातार चल रहा आयोजन:
ऋषिकेश में तीन दशक से अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जीएमवीएन के एमडी विशाल मिश्रा ने बताया कि गत वर्ष आयोजन में 42 देशों के 890 विदेशी मेहमानों ने प्रतिभाग किया था, इस बार यह संख्या बढ़ने की उम्मीद है। प्रतिभाग के लिए ऑनलाइन के साथ ही ऑफलाइन भी पंजीकरण किए जा रहे हैं, ऑनलाइन पंजीकरण https://gmvnonline.com पर किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस बार योग महोत्सव ग्रीन थीम पर आयोजित किया जा रहा है, इसलिए महोत्सव से पहले और बाद में आयोजन स्थल और गंगा तट पर विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार