सोनीपत:निगम में शामिल गांवों का शहरों की तर्ज पर होगा विकास: राजीव जैन

सोनीपत, 27 फ़रवरी (हि.स.)। सोनीपत से भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने गुरुवार
को जनसंपर्क अभियान तेज करते हुए ढाई दर्जन से अधिक सभाएं कीं और लोगों से वोट की अपील
की। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विजय संकल्प यात्रा की ऐतिहासिक सफलता
पर निगम क्षेत्र की जनता का आभार जताया। जैन ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और हजारों
स्थानीय लोगों की उत्साही भागीदारी ने उनका मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया
कि सोनीपत की जनता भाजपा को समर्थन देने का मन बना चुकी है और इस बार भाजपा को रिकॉर्डतोड़
ऐतिहासिक जीत मिलेगी।
राजीव
जैन ने आश्वस्त किया कि उनके मेयर बनने पर सोनीपत के शहरी क्षेत्र और नगर निगम में
शामिल गांवों का शहरी तर्ज पर तीव्र विकास होगा। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार के
पिछले कार्यकाल में 131 पार्क और 162 सामुदायिक केंद्रों का निर्माण किया गया था। सभी
वर्गों के हित को ध्यान में रखते हुए धर्मशालाओं और सामुदायिक केंद्रों की स्थापना
की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन के कार्यकाल में अधूरे
रह गए कार्य इस बार पूरे किए जाएंगे, जिसमें खासतौर पर शहर के सौंदर्यीकरण पर ध्यान
दिया जाएगा।
राजीव जैन ने सेक्टर-15, प्रजापत धर्मशाला, सिक्का कॉलोनी, देवीवाड़ा,
रायपुर, अहमदपुर, नरेंद्र नगर, मयूर विहार सहित कई स्थानों पर सभाओं को संबोधित किया।
स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया और चुनाव में जीत के लिए आशीर्वाद
दिया। इस मौके पर विधायक निखिल मदान, पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, जिला अध्यक्ष
जसबीर दोदवा, ललित बत्रा, नवीन मंगला, योगेशपाल अरोड़ा, तरुण देवीदास, आरती शर्मा,
नीरज सोनी, गौरव भोला, सुरेंद्र मदान, महेश लूथरा, सुरेश भारद्वाज आदि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना