प्राकृतिक खेती से उगाई गेहूं की सिरमौर में दो स्थानों पर हाेगी सरकारी खरीद
नाहन, 27 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है और आत्मा परियोजना के तहत इसे बढ़ावा दिया जा रहा है। पिछले मक्की के सीजन में भी सरकार ने सिविल सप्लाई के सहयोग से किसानो से प्राकृतिक रूप से उगाई मक्का की फसल को सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीदा था। जिससे किसानो को सिरमौर जिला में काफी लाभ पहुंचा था। किसानों को उनकी फसल का मूल्य उनके बैंक खातों में डाला गया था और तीन हजार प्रति क्विंटल की दर से खरीद की गयी थी। इसी तर्ज पर इस बार रबी की फसल गेहूं के लिए भी सरकार ने प्राकृतिक रूप से उगाई गेहूं खरीद के लिए सिरमौर जिला में 2 गेहूं खरीद केंद्र स्थापित करने का फैसला लिया है। एक धौलाकुआं व दूसरा पोंटा साहिब में होगा। यहां पर सरकारी खरीद मूल्य पर प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानो से गेहूं सरकारी मूल्य पर खरीदी जाएगी।
आत्मा परियोजना सिरमौर के परियोजना उप निदेशक डॉ साहिब सिंह ने बताया कि जिला में 11 हजार 5 सौ किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े हुए हैं और जिला में 2200 हेक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती की जा रही है। मक्की की प्राकृतिक विधि से पैदा की मक्की के बाद इस बार प्राकृतिक विधि से तैयार गेहूं की भी जिला में खरीद की जाएगी। जिसके लिए 2 खरीद केंद्र बनाये जा रहे हैं जहां पर सरकारी निर्धारित मूल्य पर खरीद की जाएगी। इस बार मौसम को देखते हुए जिला में 5 सौ क्विंटल गेहूं का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानो को विभाग के निर्धारत फार्म पर खरीद हेतु आवेदन कर लेना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर