इंडिया ए ने USA को 38 रनों से हराया, जगदीशन ने जड़ा शतक
इंडिया ए बनाम USA वार्म-अप मैच
इंडिया बनाम USA वार्म-अप: 2 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्म-अप मैचों की शुरुआत हो चुकी है। इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाली 20 टीमों में से कुछ एक-दूसरे के खिलाफ खेल रही हैं, जबकि कुछ की टक्कर मेज़बान भारत और श्रीलंका की ए टीमों से भी हो रही है। इसी क्रम में सोमवार को यूएसए का सामना इंडिया ए से हुआ, जिसमें उसे 38 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
जगदीशन और बदोनी की शानदार पारी
जगदीशन के शतक और बदोनी के अर्धशतक के दम पर इंडिया ए का बड़ा स्कोर
मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में यूएसए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया, जो शुरुआत से ही गलत साबित हुआ। प्रियांश आर्या और CSK के पूर्व खिलाड़ी नारायण जगदीशन ने तेज शुरुआत की। इन दोनों ने चार ओवर में ही 43 रन जोड़ दिए। हालांकि, चौथे ओवर में इंडिया ए को पहला झटका लगा और प्रियांश 13 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल थे।
इसके बाद बैटिंग करने आए तिलक वर्मा पर सभी की नजरें थीं, जो इंजरी से वापसी कर रहे थे। तिलक ने कुछ अच्छे शॉट खेले और जगदीशन का अच्छा साथ दिया, जिससे दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी बनी और स्कोर 150 के पार पहुंच गया। तिलक ने 38 रन बनाए और 14वें ओवर में 156 के स्कोर पर आउट हुए। वहीं, जगदीशन ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और 49 गेंदों पर शतक जड़ दिया। उन्होंने 55 गेंदों पर 104 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और पांच छक्के शामिल थे।
कप्तान आयुष बदोनी ने भी तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की। बदोनी ने 26 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 60 रन बनाकर नाबाद रहे। रियान पराग को ज्यादा मौका नहीं मिला और उन्होंने 2 रन नाबाद बनाए। यूएसए की तरफ से अली खान, जसदीप सिंह और शुभम रंजन ने एक-एक विकेट लिया।
USA का प्रयास विफल
इंडिया ए के बड़े लक्ष्य के सामने USA का प्रयास नहीं आया काम
इंडिया ए द्वारा दिए गए 239 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 50 रनों के अंदर ही अपने दो महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए, जिसमें कप्तान मोनांक पटेल (10) और सैतेजा मुक्कमल्ला (0) शामिल थे। मिलिंद कुमार ने धीमी बल्लेबाजी की और वह 18 गेंदों पर 18 रन ही बना पाए। एंड्रीज़ गूस ने कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन अपना अर्धशतक पूरा किए बिना ही 31 गेंदों पर 44 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी पारी में पांच चौके और दो छक्के शामिल थे।
75 के स्कोर तक 4 विकेट गिरने से यूएसए की स्थिति खराब नजर आ रही थी, लेकिन फिर संजय कृष्णमूर्ति ने 18 गेंदों पर 41 रन बनाकर अपनी टीम के स्कोर को 150 के करीब पहुंचाया। इसके बाद, शुभम रंजन ने 28 और हरमीत सिंह ने 9 गेंदों पर 25 रनों का योगदान दिया। वहीं, मोहम्मद मोहसिन ने भी 10 गेंदों पर 21 रन बनाए। इस तरह यूएसए की टीम 200 के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। इंडिया ए की तरफ से रवि बिश्नोई सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने तीन विकेट झटके।
FAQs
USA के खिलाफ इंडिया ए के किस खिलाड़ी ने शतक ठोका?
नारायण जगदीशन
इंडिया ए को अपना दूसरा अभ्यास मैच कब और किस टीम से खेलना है?
6 फरवरी, नामीबिया
