पाकिस्तान ने पहले टी20 में ऑस्ट्रेलिया को हराया
घरेलु मैदान पर पाकिस्तान ने बनाई सीरीज में बढ़त
Pak vs Aus 1st T20 (खेल डेस्क): टी20 विश्व कप की शुरुआत में अब केवल एक सप्ताह का समय बचा है, जो भारत और श्रीलंका में आयोजित होने वाला है। इस समय सभी प्रमुख टीमें अपनी तैयारियों में जुटी हैं। भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों की श्रृंखला खेल रहा है, जबकि इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच भी मैच चल रहे हैं। इसी बीच, ऑस्ट्रेलियाई टीम पाकिस्तान के दौरे पर है, जहां वह तीन टी20 मैचों की श्रृंखला खेल रही है। पहले टी20 में पाकिस्तान ने छोटे लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए ऑस्ट्रेलिया को हराया।
169 रन का लक्ष्य हासिल करने में असफल रहे ऑस्ट्रेलियाई
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में, पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 168 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने जवाब में 8 विकेट खोकर 146 रन ही बनाए। पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही, जब पहले ही गेंद पर जेवियर बार्टलेट ने साहिबजादा फरहान को बोल्ड कर दिया। इसके बाद, सैम अयूब ने कप्तान सलमान आगा के साथ मिलकर पारी को संभाला।
इन दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों पर 74 रनों की साझेदारी हुई। 8वें ओवर में, पाकिस्तान को दूसरा झटका लगा जब एडम जैम्पा ने सैम अयूब को आउट किया। अयूब ने 22 गेंदों पर 40 रन बनाए। इसके बाद कप्तान आगा (39) भी ज्यादा देर तक नहीं टिक सके। जैम्पा ने बाबर आजम को भी आउट किया, जिन्होंने 20 गेंदों पर 24 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया को 169 रन का लक्ष्य भारी पड़ा
ऑस्ट्रेलिया ने 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए औसत शुरुआत की। 21 के स्कोर पर, सैम अयूब ने मैथ्यू शॉर्ट (5) को बोल्ड किया। कुछ ही समय बाद, सैम ने कप्तान ट्रेविस हेड को भी आउट किया। ट्रेविस ने 13 गेंदों में 23 रन बनाए। 8वें ओवर में ऑस्ट्रेलिया को दो झटके लगे। पहले गेंद पर मैट रेनशॉ रन आउट हुए, जिन्होंने 11 गेंदों में 15 रन बनाए। इसके बाद, ऑस्ट्रेलिया ने लगातार विकेट खोते हुए मैच 22 रन से हार गया।
