चीन में ड्रिंक एंड ड्राइव से बचने के लिए युवक ने रचा अपनी मौत का नाटक
चौंकाने वाला मामला सामने आया
नई दिल्ली: चीन में एक व्यक्ति ने कानून से बचने के लिए एक अनोखा कदम उठाया, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। ड्रिंक एंड ड्राइव के आरोप में जेल की सजा से बचने के लिए उसने अपनी मौत का नाटक किया और अपने परिवार की मदद से एक फर्जी अंतिम संस्कार आयोजित किया। इसके बाद, वह नई पहचान के साथ दूसरे प्रांत में जाकर रहने लगा। हालांकि, जांच के दौरान कुछ ऐसे तथ्य सामने आए, जिन्होंने उसकी इस पूरी योजना का भंडाफोड़ कर दिया। आइए जानते हैं इस मामले की पूरी कहानी।
ड्रिंक एंड ड्राइव के आरोप में गिरफ्तारी
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, यह घटना चीन के हेनान प्रांत के आनयांग शहर की है। 'सी' नामक इस व्यक्ति को जनवरी 2025 में शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जांच में यह भी पता चला कि वह पहले भी दो बार बिना लाइसेंस और नशे में गाड़ी चलाने के मामलों में पकड़ा जा चुका था। इसके बाद उसे जांच पूरी होने तक जमानत पर रिहा कर दिया गया।
मृत घोषित होने की योजना
रिपोर्ट के अनुसार, सजा और आर्थिक समस्याओं से परेशान होकर उसने खुद को मृत घोषित करने की योजना बनाई। इसके लिए उसने पहले से एक ताबूत खरीदा और घर में दवाइयों की खाली बोतलें फैला दीं ताकि आत्महत्या का आभास हो सके। परिवार ने दावा किया कि अधिक दवाइयां लेने के कारण उसका चेहरा बिगड़ गया था, इसलिए शव को चादर से ढककर जल्दी अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृत्यु के कोई प्रमाण नहीं मिले
इस बीच, वह चुपचाप वहां से निकलकर युन्नान प्रांत पहुंच गया और नई पहचान के साथ काम की तलाश करने लगा। जब पुलिस को उसकी मौत की सूचना मिली, तो कई बातें संदिग्ध लगीं। न तो अस्पताल से कोई मृत्यु प्रमाण पत्र मिला, न ही आधिकारिक अंतिम संस्कार का रिकॉर्ड और न ही सरकारी दस्तावेजों में उसकी मौत दर्ज थी। इसके अलावा, गांव वालों ने भी बताया कि शव का चेहरा किसी को नहीं दिखाया गया था।
इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, बैंक लेनदेन और मोबाइल फोन रिकॉर्ड की जांच शुरू की। जांच में पुष्टि हुई कि वह जीवित है और फरार होकर दूसरे प्रांत में रह रहा है। अंततः अप्रैल 2026 में पुलिस ने उसे युन्नान से गिरफ्तार कर लिया।
जेल की सजा और जुर्माना
अदालत ने आरोपी को पांच महीने की जेल और 20 हजार युआन (लगभग 2.8 लाख रुपये) का जुर्माना सुनाया। इसके साथ ही, उसकी मां और दादी के खिलाफ भी आरोपी को छिपाने और कानून से बचाने में मदद करने के आरोप में आपराधिक जांच शुरू की गई है। अधिकारियों ने कहा कि कानून से बचने के लिए इस तरह की साजिश रचने से सजा कम नहीं होती, बल्कि नए अपराध भी जुड़ जाते हैं।