चीन में ब्रेकअप के बाद रिलेशनशिप कोच पर खर्च कर रहे लोग, क्या है ये नया ट्रेंड?
ब्रेकअप के बाद का नया ट्रेंड
नई दिल्ली: ब्रेकअप के बाद लोग आमतौर पर अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन चीन में एक अनोखा ट्रेंड उभर रहा है। यहां कई लोग अपने पूर्व प्रेमी को वापस पाने के लिए रिलेशनशिप कोच पर बड़ी रकम खर्च कर रहे हैं। ये कोच दावा करते हैं कि उनकी सलाह से टूटे रिश्ते फिर से जुड़ सकते हैं, लेकिन कई बार लोगों को केवल आर्थिक नुकसान और निराशा ही मिलती है।
महिला ने खर्च किए 40 हजार रुपये
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, चीन की 28 वर्षीय एक महिला, जिसने अपनी पहचान छिपाने के लिए 'वान' नाम का उपयोग किया, ने अपने एक्स बॉयफ्रेंड को वापस पाने के लिए एक रिलेशनशिप कोच को 3,500 युआन (लगभग 40 हजार रुपये) दिए। इस राशि के बदले उसे एक महीने तक सलाह और मार्गदर्शन देने का वादा किया गया। हालांकि, कुछ कोच अपने प्रीमियम पैकेज के लिए 3,000 डॉलर (लगभग 3 लाख रुपये) तक वसूल कर रहे हैं।
21 दिनों तक संपर्क न करने की सलाह
महिला ने बताया कि शुरुआत में कोच ने लगभग 90 मिनट तक मुफ्त बातचीत की और कहा कि रिश्ते के टूटने का कारण उसकी असुरक्षा और व्यक्तित्व था। इसके बाद उसे एक पेड प्रोग्राम में शामिल होने की सलाह दी गई। इस योजना के तहत पहले 21 दिनों तक एक्स पार्टनर से संपर्क न करने, अपनी पर्सनैलिटी और लुक में बदलाव करने, और सोशल मीडिया पर सोच-समझकर पोस्ट करने की सलाह दी गई।
कोच का दावा था कि अगर सभी निर्देशों का पालन किया जाए तो लगभग 90 प्रतिशत मामलों में रिश्ता फिर से जुड़ सकता है। लेकिन महिला के अनुसार, उसने सभी सलाह मानी, फिर भी उसका पूर्व बॉयफ्रेंड उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर गया। जब उसने इस पर सवाल उठाया तो उसे रिफंड देने के बजाय और महंगा पैकेज खरीदने की सलाह दी गई।
सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता
रिपोर्ट के अनुसार, चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे रिलेशनशिप कोच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ब्रेकअप के बाद भावनात्मक रूप से कमजोर लोग ऐसे दावों पर आसानी से भरोसा कर लेते हैं। कई कंपनियां इसी मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर महंगी सेवाएं बेच रही हैं।
आंकड़ों के अनुसार, चीन में मनोवैज्ञानिक और रिलेशनशिप काउंसलिंग से जुड़ी कंपनियों की संख्या पिछले कुछ वर्षों में कई गुना बढ़ी है। वहीं, उपभोक्ता शिकायत मंचों पर इस तरह की सेवाओं के खिलाफ हजारों शिकायतें भी दर्ज हो चुकी हैं। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि ब्रेकअप के बाद किसी अनजान कोच के बजाय प्रशिक्षित मनोवैज्ञानिक या काउंसलर से सलाह लेना अधिक सुरक्षित और प्रभावी विकल्प है।