भवन निर्माण में वास्तु पूजा का महत्व: जानें सही दिशा और शुभ मुहूर्त
वास्तु पूजा और भवन निर्माण के नियम
नई दिल्ली: भवन निर्माण के समय वास्तु दिशा और पूजा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक होता है। यह माना जाता है कि यदि घर की वास्तु दिशा सही हो और पूजा विधि का पालन ठीक से किया जाए, तो घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इसलिए, वास्तु शास्त्र में भूमि पूजन से लेकर गृह प्रवेश तक कई महत्वपूर्ण नियम बताए गए हैं, जिनका पालन करना शुभ माना जाता है। आइए जानते हैं ये नियम क्या हैं।
भवन निर्माण के लिए आवश्यक कार्य
वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी भवन निर्माण की प्रक्रिया की शुरुआत में भूमि को पूरी तरह से साफ करना आवश्यक है। इस दौरान निर्माण स्थल से सभी अवशेष हटाकर जमीन को समतल किया जाता है, ताकि आगे का कार्य बिना किसी रुकावट के संपन्न हो सके। इसके बाद, भूखंड के उत्तर-पूर्व दिशा में वास्तु पूजा और भगवान गणेश की पूजा करने की परंपरा निभाई जाती है। पूजा के बाद ही शिलान्यास और नींव खोदने का कार्य आरंभ किया जाता है।
खुदाई की शुभ दिशा
वास्तु शास्त्र में खुदाई की दिशा का विशेष महत्व है। नियमों के अनुसार, खुदाई का कार्य उत्तर-पूर्व कोने से आरंभ करना शुभ माना जाता है। इसके बाद इसे दक्षिण-पूर्व, उत्तर-पश्चिम और अंत में दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ाया जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि निर्माण के दौरान उत्तर-पूर्व भाग का स्तर अन्य हिस्सों की तुलना में नीचा रहना चाहिए, जबकि बाकी क्षेत्र ऊंचे रहने चाहिए।
तीन बार वास्तु पूजा का महत्व
भवन निर्माण के दौरान केवल भूमि पूजन ही नहीं, बल्कि तीन बार वास्तु पूजा करने की परंपरा भी है। नियमों के अनुसार, पहली पूजा निर्माण कार्य शुरू होने से पहले, दूसरी पूजा मुख्य द्वार स्थापित करते समय और तीसरी पूजा भवन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गृह प्रवेश के समय की जाती है।
शुभ मुहूर्त का ध्यान रखें
मुख्य द्वार लगाने और गृह प्रवेश के लिए अलग-अलग शुभ मुहूर्त निर्धारित करने की सलाह दी जाती है। वास्तु ग्रंथों में सूर्य की विभिन्न राशियों में स्थिति के अनुसार खुदाई करने की बात कही गई है। सही समय और दिशा का चयन निर्माण कार्य को शुभ और फलदायी बनाता है। इसके तहत घर में सकारात्मक वातावरण बना रहता है और परिवार के सदस्यों को मानसिक शांति एवं सुख-समृद्धि प्राप्त होती है।