एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य, जानें क्या करें
ई-केवाईसी के बिना नहीं होगी बुकिंग
एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना: यदि आपके पास इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस का घरेलू कनेक्शन है और आपने अभी तक ई-केवाईसी नहीं करवाई है, तो आपको सतर्क रहना चाहिए। 16 अगस्त के बाद, बिना ई-केवाईसी के घरेलू गैस उपभोक्ता सिलेंडर की बुकिंग नहीं कर पाएंगे।
इसके अलावा, एलपीजी सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी का लाभ भी नहीं मिलेगा। सभी पुराने और नए ग्राहकों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। हाल ही में ई-केवाईसी कराने वाले उपभोक्ताओं को फिर से कराने की आवश्यकता नहीं है।
किस-किस के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी?
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। भारत गैस, इंडेन और एचपी गैस उपभोक्ताओं को भी ई-केवाईसी करानी होगी। ग्राहक 16 अगस्त तक ही सिलेंडर बुक कर सकते हैं। इसके बाद, ई-केवाईसी कराने के बाद ही बुकिंग संभव होगी।
कैसे कराएं ई-केवाईसी
एलपीजी कनेक्शन को सक्रिय रखने के लिए ई-केवाईसी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से की जा सकती है। इसके लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक फोटो की आवश्यकता होगी। यदि आप ऑफलाइन ई-केवाईसी कराना चाहते हैं, तो आपको गैस एजेंसी के कार्यालय जाना होगा।
आप घर बैठे भी ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके लिए गैस उपभोक्ताओं को एजेंसी की वेबसाइट पर जाकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। भारत गैस उपभोक्ता 'हैलो बीपीसीएल' ऐप का उपयोग कर सकते हैं, जबकि इंडेन उपभोक्ता 'इंडेन ऑयल वन' ऐप के माध्यम से और एचपी गैस उपभोक्ता 'एचपी पे' ऐप पर ई-केवाईसी कर सकते हैं।
केवाईसी नहीं कराई तो क्या होगा?
यदि ग्राहक ई-केवाईसी की अंतिम तिथि तक इसे पूरा नहीं करते हैं, तो उन्हें एलपीजी सिलेंडर से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। केवाईसी न कराने पर सिलेंडर प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी नहीं मिलेगी। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि 16 अगस्त के बाद सभी ग्राहकों का कनेक्शन तुरंत समाप्त कर दिया जाएगा। इसलिए, ग्राहकों को जल्द से जल्द अपना ई-केवाईसी कराना चाहिए।