दिल्ली में SSC परीक्षा भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन
SSC परीक्षा में भ्रष्टाचार का मामला
SSC परीक्षा में भ्रष्टाचार: स्टाफ सिलेक्शन कमिशन (SSC) में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प की घटनाएं सामने आईं, जिसमें पुलिस पर छात्रों पर लाठीचार्ज करने के आरोप लगे हैं। इस घटना ने देश की राजनीति में हलचल मचा दी है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रामलीला मैदान में SSC अभ्यर्थियों और शिक्षकों पर लाठीचार्ज न केवल शर्मनाक है, बल्कि यह एक डरपोक सरकार की पहचान भी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'रामलीला मैदान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे SSC अभ्यर्थियों और शिक्षकों पर बर्बर लाठीचार्ज - शर्मनाक ही नहीं, एक डरपोक सरकार की पहचान है। युवाओं ने केवल अपना हक मांगा था - रोजगार और न्याय। क्या मिला? लाठियां। स्पष्ट है - मोदी सरकार को न देश के युवाओं की चिंता है, न उनके भविष्य की। क्यों हो? यह सरकार जनता के वोटों से नहीं, वोट चुराकर सत्ता में आई है। पहले वोट चुराएंगे, फिर परीक्षा चुराएंगे, फिर नौकरियां चुराएंगे, फिर आपका हक और आवाज़ - दोनों कुचल देंगे! युवाओं, किसानों, गरीबों, बहुजनों और अल्पसंख्यकों - आपका वोट इन्हें चाहिए नहीं, इसलिए आपकी मांगें कभी इनकी प्राथमिकता नहीं होंगी। अब समय है - डरने का नहीं, डटकर मुकाबला करने का।'
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, 'दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन कर रहे SSC छात्रों पर पुलिस बल प्रयोग अमानवीय और शर्मनाक है। हर परीक्षा में धांधली, हर भर्ती में घोटाला और पेपर लीक से पूरे देश के युवा त्रस्त हैं। भाजपा राज में भर्ती प्रक्रियाओं और परीक्षाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है। उसे ठीक करने और युवाओं की बात सुनने की जगह उनपर लाठियां बरसाना दुर्भाग्यपूर्ण है। छात्रों पर क्रूरता बरतने के बजाय उनकी बात सुनी जानी चाहिए।'
क्या है पूरा मामला
स्टाफ सिलेक्शन कमिशन (SSC) परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ देशभर से आए हजारों स्टूडेंट्स और टीचर्स 'छात्र महाआंदोलन' के बैनर तले रामलीला मैदान में जुटे थे। छात्रों का आरोप है कि SSC की ओर से हाल ही में कराई गई परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन की इजाजत केवल शाम 5 बजे तक ही दी गई थी। इसके बाद भी 100 से अधिक छात्र डटे रहे और उन्होंने प्रदर्शन जारी रखा, जिसके बाद दिल्ली पुलिस वहां पहुंची। बताया जा रहा है कि पहले वहां की बिजली काटी गई और उसके बाद छात्रों को हटाने की कोशिश की गई।