पाकिस्तान में ईंधन की कीमतों में वृद्धि: रोजाना तय होंगी दरें
पाकिस्तान में ईंधन की कीमतों में वृद्धि
इस्लामाबाद: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के साथ-साथ वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि के चलते, पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (एचएसडी) की कीमतों में इजाफा किया है। अब ईंधन की कीमतें रोजाना निर्धारित की जाएंगी, जिसका विरोध भी शुरू हो गया है।
सरकार ने पेट्रोल की कीमत में 5.44 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और डीजल में 31.05 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। ये नई दरें शनिवार से लागू हो गई हैं और 20 जुलाई तक प्रभावी रहेंगी। अब पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 316.15 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 354.35 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव और ईरान-अमेरिका के तनाव के कारण अब देश में ईंधन की कीमतें रोजाना तय की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (ओजीआरए) को अंतरराष्ट्रीय बाजार के आधार पर प्रतिदिन ईंधन की कीमतें निर्धारित करने का कार्य सौंपा है। ओजीआरए अपनी वेबसाइट पर कीमतों के निर्धारण के आधार को भी सार्वजनिक करेगा।
मार्च की शुरुआत से, पाकिस्तान सरकार हर सप्ताह ईंधन की कीमतों की समीक्षा कर रही थी। मध्य पूर्व में संघर्ष के कारण संभावित तेल आपूर्ति संकट को देखते हुए, ईंधन बचत के उपाय और अप्रैल में लक्षित ईंधन सब्सिडी भी लागू की गई थी।
वर्तमान में, सरकार पेट्रोल और डीजल पर लगभग 105 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर विभिन्न करों और शुल्कों के रूप में वसूल रही है, जिसमें कस्टम ड्यूटी, पेट्रोलियम लेवी, क्लाइमेट सपोर्ट लेवी और इनलैंड फ्रेट इक्वलाइजेशन मार्जिन (आईएफईएम) शामिल हैं।
ऑल पाकिस्तान डीलर्स एसोसिएशन ने ईंधन की कीमतें रोजाना तय करने के निर्णय का विरोध किया है। संगठन ने कहा कि वह अगले सप्ताह इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन की योजना बनाएगा।
पेट्रोल का उपयोग मुख्य रूप से निजी वाहनों, मोटरसाइकिलों, ऑटो-रिक्शा और छोटे वाहनों में होता है, जिससे इसकी कीमत बढ़ने का सीधा असर मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग पर पड़ता है। वहीं, डीजल का उपयोग भारी परिवहन, बिजली संयंत्रों और बड़े जनरेटरों में होने के कारण इसकी कीमत बढ़ने से माल ढुलाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर भी प्रभाव पड़ सकता है।