भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को सात रनों से हराया
भारतीय अंडर-19 टीम की शानदार जीत
यशबर्धन चौहान (54 रन, 2 विकेट), अन्वय द्रविड़ (38 रन) और आर्यवीर सहवाग (28 रन) की बेहतरीन पारियों के चलते भारतीय अंडर-19 टीम ने बारिश से प्रभावित पहले यूथ वनडे में ऑस्ट्रेलिया को सात रनों से हराया।
ऑस्ट्रेलिया ने 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नील पटेल और हेडन बारबुलोविक की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। चौहान ने हेडन (45 रन) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद, चौहान ने नील पटेल (40 रन) को भी आउट किया। जेड होलिक (25 रन) भी जल्दी आउट हो गए। कप्तान जैक सॉसनेक ने 27 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के लगाते हुए 55 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाने की कोशिश की। लेकिन 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चिगुरपति वेंकटा ने सॉसनेक को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की जीत की उम्मीदों को समाप्त कर दिया।
आखिरी ओवरों में भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते ऑस्ट्रेलिया की टीम 175 रन पर सिमट गई और उन्हें सात रनों से हार का सामना करना पड़ा।
इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। भारतीय अंडर-19 टीम ने बल्लेबाजी करते हुए यशबर्धन चौहान की 34 गेंदों में पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 54 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। अन्वय द्रविड़ ने 18 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों के साथ 38 रन बनाए। आर्यवीर सहवाग ने 26 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए 28 रन बनाए। चौहान और द्रविड़ के बीच 34 गेंदों में 69 रनों की साझेदारी हुई। बारिश के कारण मैच को 20-20 ओवरों का कर दिया गया था, जिसमें भारतीय टीम ने छह विकेट पर 182 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्पेंसर ग्रीन और एली ब्रेन ने दो-दो विकेट लिए।