योगी आदित्यनाथ के लिए नया अत्याधुनिक हेलीकॉप्टर सेवा में शामिल
मुख्यमंत्री के लिए नया हेलीकॉप्टर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए एक नया अत्याधुनिक हेलीकॉप्टर सेवा में लाया गया है। राज्य सरकार ने इटली की लियोनार्डो कंपनी से अगस्ता वेस्टलैंड AW139 हेलीकॉप्टर खरीदा है, जो मुख्यमंत्री की सुरक्षित हवाई यात्रा के लिए उपयोग किया जाएगा। इसकी कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये है और इसे दुनिया के सबसे सुरक्षित वीवीआईपी हेलीकॉप्टरों में से एक माना जाता है। यह हेलीकॉप्टर विशेष रूप से मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी मूवमेंट के लिए तैयार किया गया है।
यह हेलीकॉप्टर खराब मौसम और रात में उड़ान भरने में सक्षम है। इसमें उन्नत एवियोनिक्स, क्रैश-सेफ्टी सिस्टम और बुलेटप्रूफ सुरक्षा जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जो वीवीआईपी यात्रा को और अधिक सुरक्षित बनाती हैं। AW139 हेलीकॉप्टर एक बार में 12 से 15 लोगों को ले जाने की क्षमता रखता है और इसकी उच्च गति और उन्नत नेविगेशन सिस्टम इसे अपने वर्ग में सबसे भरोसेमंद बनाते हैं। यह हेलीकॉप्टर 310 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भर सकता है और आपातकालीन स्थितियों में भी इसका उपयोग किया जा सकता है।
डबल इंजन की विशेषता
अगस्ता वेस्टलैंड AW139 हेलीकॉप्टर डबल इंजन से लैस है, जिससे आपातकालीन स्थिति में दूसरे इंजन का उपयोग किया जा सकता है। इसमें क्रैश सेफ्टी सिस्टम, डिजिटल ग्लास कॉकपिट और साउंडप्रूफ केबिन जैसी सुविधाएं हैं, जो इसे अद्वितीय बनाती हैं।
कीमत लगभग 1 अरब रुपये
इस वीवीआई हेलीकॉप्टर की कीमत लगभग 1 अरब रुपये है और इसे दो पायलट उड़ाते हैं। अगस्ता वेस्टलैंड AW139 को अब लियोनार्डो AW139 के नाम से जाना जाता है। यह एक मध्यम आकार का, दो इंजन वाला हेलीकॉप्टर है, जिसे इतालवी कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड ने विकसित किया है, जो अब लियोनार्डो का हिस्सा है।
पायलटों को इटली में प्रशिक्षण
राज्य सरकार ने इस हेलीकॉप्टर के तकनीकी पहलुओं को समझने के लिए पिछले साल तीन पायलटों को इटली भेजा था। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें इंस्ट्रूमेंट ट्रेनिंग और क्रिटिकल इमरजेंसी ट्रेनिंग दी गई।