सावन माह के आगमन पर बेरला गांव में पर्यावरण संरक्षण की बैठक
सावन माह का महत्व और पर्यावरण संरक्षण
(Charkhi Dadri News) बाढड़ा। सावन का महीना पर्यावरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान वर्षा की भरपूर मात्रा होती है, जो प्रकृति प्रेमियों के लिए पौधारोपण का सुनहरा अवसर प्रदान करती है। यह विचार पूर्व सैनिक और पर्यावरण प्रेमी बलबीर सिंह मलिक ने व्यक्त किए। सावन की पूर्व संध्या पर बेरला गांव में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण पर एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक के बाद पौधारोपण कर सावन माह के अभियान की शुरुआत की गई।
बलबीर सिंह मलिक ने कहा कि गुरु पूर्णिमा के बाद आने वाले सावन का हमें पर्यावरण की रक्षा और संवर्धन के लिए अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्राचीन ऋषि-मुनि भी वनों के महत्व को समझते थे और अपनी तपोभूमि को प्रकृति के निकट चुनते थे। सावन के महीने में मौसम पौधों के लिए अनुकूल होता है, इसलिए हमें इस अवसर का उपयोग करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर बीजेपी जिला उपाध्यक्ष चरखी दादरी अनिल बेरला, वेद प्रकाश, चरण सिंह, सुरेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।